DM ने टीबी मुक्त अभियान की समीक्षा की:हाई रिस्क ग्राम पंचायतों में स्क्रीनिंग तेज करने के निर्देश


जौनपुर में राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 100 दिवसीय सघन टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा की गई। डीएम सैमुअल पॉल एन. ने कलेक्ट्रेट सभागार में 24 मार्च से संचालित इस अभियान की प्रगति का जायजा लिया। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि जिले की कुल 848 हाई रिस्क ग्राम पंचायतों में से अब तक केवल 313 में ही आयुष्मान आरोग्य शिविर लगाकर टीबी स्क्रीनिंग का कार्य किया गया है। उन्होंने सभी केंद्र प्रभारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपद को मिली चार हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीनों का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि हाई रिस्क ग्राम पंचायतों में 60 वर्ष से अधिक आयु के लोग, मधुमेह रोगी, धूम्रपान व शराब का सेवन करने वाले, कुपोषित व्यक्ति और टीबी रोगियों के संपर्क में रहने वाले लोगों की प्राथमिकता के आधार पर एक्स-रे जांच कर टीबी की स्क्रीनिंग की जाए। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने सभी गतिविधियों को सोशल मीडिया पर साझा करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य व्यापक स्तर पर लोगों को टीबी रोग के संबंध में जागरूक करना है। बैठक में 100 दिवसीय अभियान की प्रगति का प्रस्तुतिकरण कार्यक्रम के जिला समन्वयक सलिल कुमार यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगा राम गौतम, समस्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य सहयोगी विभागों के जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *