![]()
जालौन के डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने बुधवार को उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका इंटर कॉलेज पिंडारी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक, आवासीय, स्वास्थ्य, खान-पान और स्वच्छता व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों व विद्यालय प्रबंधन को दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। वह कक्षा-कक्ष में पहुंचे और छात्राओं के शैक्षिक स्तर को परखा। उन्होंने स्वयं गणित और अंग्रेजी पढ़ाकर छात्राओं की विषयगत दक्षता का आकलन किया। साथ ही छात्राओं को नियमित अध्ययन करने, कठिन विषयों में शिक्षकों से संवाद कर अपनी शंकाओं का समाधान कराने और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने को प्रेरित किया। डीएम ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास को शासन-प्रशासन की प्राथमिकता में रखा गया है। विद्यालयों में केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नेतृत्व क्षमता का विकास भी किया जाना चाहिए। स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय इंटर कॉलेजों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने छात्राओं के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल उपचार और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय की रसोई का निरीक्षण कर छात्राओं के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता देखी। उन्होंने भोजन निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराने तथा रसोई एवं आसपास के परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा। डीएम ने परिसर में स्थापित ओपन जिम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ नियमित व्यायाम और खेलकूद को दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है।
Source link
DM ने कस्तूरबा गांधी कॉलेज का औचक निरीक्षण किया:जालौन में छात्राओं को गणित-अंग्रेजी पढ़ाकर शैक्षिक गुणवत्ता परखी