- Hindi News
- Sports
- Commonwealth Games 2026 Day 3 | India Boxing Lovlina Borgohain Schedule
ग्लासगो9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मेडल जीतने के बाद झंडू कुमार।
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने पहला मेडल जीत लिया है। बिहार के पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने पुरुष हेवीवेट वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया। उन्होंने 190 किलोग्राम की बेस्ट लिफ्ट के साथ 130.9 अंक हासिल किए।
इससे पहले पुरुष और महिला लाइटवेट पैरा पावरलिफ्टिंग में भारत पदक से चूक गया था। वहीं बॉक्सिंग में जादुमणि सिंह ने जीत के साथ राउंड ऑफ-16 में जगह बनाई। लॉन बॉल्स में पुतुल सोनोवाल ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
झंडू कुमार ने जीता ब्रॉन्ज, भारत का खाता खोला
28 साल के झंडू कुमार ने ग्रुप-बी से खेलते हुए पहले प्रयास में 181 किलोग्राम और दूसरे प्रयास में 190 किलोग्राम वजन उठाया। इससे उन्हें 130.9 अंक मिले। तीसरे प्रयास में उन्होंने 196 किलोग्राम उठाकर बर्मिंघम 2022 का गेम्स रिकॉर्ड तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बावजूद उनका स्कोर ब्रॉन्ज मेडल के लिए पर्याप्त रहा। नाइजीरिया के रिलुवान इदरीस ने गोल्ड और इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग ने सिल्वर जीता।

झंडू कुमार ने 190 किलोग्राम वजन उठाया।
सुधीर छठे, कस्तूरी लिफ्ट दर्ज नहीं कर सकीं
पैरा पावरलिफ्टिंग में भारत के सुधीर 183 किलोग्राम की लिफ्ट के साथ छठे स्थान पर रहे। महिला हेवीवेट वर्ग में कस्तूरी राजामणि तीनों प्रयासों में असफल रहीं और कोई लिफ्ट दर्ज नहीं कर सकीं।
जादुमणि ने 5-0 से जीता मुकाबला
भारत के 21 साल के जदुमणि सिंह ने पुरुष 55 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ-32 में मेजबान स्कॉटलैंड के आरोन कुलेन को 5-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। पांचों जजों ने तीनों राउंड भारत के पक्ष में दिए।

जादुमणि सिंह नीले बॉक्सिंग कपड़े में।
लॉन बॉल्स में पुतुल की लगातार दूसरी जीत
पुरुष सिंगल्स में पुतुल सोनोवाल ने फॉकलैंड आइलैंड्स के सेसिल अलेक्जेंडर को टाईब्रेकर में 7-5, 6-8, 1-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इससे पहले महिला पेयर्स में रूपा रानी तिर्की और पिंकी की जोड़ी साउथ अफ्रीका को 2-0 से हरा चुकी थी।
पैरा पावरलिफ्टिंग में पहले भारत रहा था खाली हाथ
पुरुष लाइटवेट वर्ग में अशोक कुमार मलिक 200 किलोग्राम की पर्सनल बेस्ट लिफ्ट के बावजूद चौथे स्थान पर रहे, जबकि परमजीत कुमार सातवें स्थान पर रहे। महिला लाइटवेट वर्ग में जसप्रीत कौर छठे और सुमन देवी सातवें स्थान पर रहीं।
जिम्नास्टिक्स और स्विमिंग में मिला मिला-जुला प्रदर्शन
पुरुष टीम जिम्नास्टिक्स में भारत 208.550 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहा। हालांकि तपन मोहंती और योगेश्वर सिंह ने क्रमशः 17वें और 18वें स्थान पर रहकर ऑलराउंड फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। दूसरी ओर, श्रीहरि नटराज 50 मीटर बैकस्ट्रोक सेमीफाइनल में 25.29 सेकेंड के समय के साथ सातवें स्थान पर रहे और फाइनल में जगह नहीं बना सके।
पैरा स्विमिंग के पुरुष 100 मीटर फ्रीस्टाइल S13 फाइनल में कार्तिक (आरवीवीबीके) बुडिगिना चौथे और अली इमाम सातवें स्थान पर रहे।

स्विमिंग में श्रीहरि नटराज ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक के फाइनल में नहीं पहुंच सके।
तीसर दिन 9 गोल्ड मेडल इवेंट्स
कॉमनवेल्थ गेम्स के तीसरे दिन भारतीय खिलाड़ी जिम्नास्टिक्स, बॉक्सिंग, लॉन बॉल्स, 3×3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल और स्विमिंग में चुनौती पेश करेंगे। दिनभर में कुल 9 गोल्ड मेडल इवेंट्स होंगे।
शुरुआत महिला जिम्नास्टिक्स टीम फाइनल से होगी। फिर बॉक्सिंग में सचिन सिवाच और परवीन हुड्डा और अरुंधति चौधरी के मुकाबले होंगे। देर रात स्विमिंग और बॉक्सिंग के दूसरे मुकाबले भी होंगे।

जिम्नास्टिक्स और लॉन बॉल्स पर नजर
दोपहर 2:30 बजे महिला जिम्नास्टिक्स टीम का फाइनल खेला जाएगा। इसमें भारतीय टीम पदक की चुनौती पेश करेगी।
लॉन बॉल्स में पुतुल सोनोवाल पुरुष सिंगल्स के सेक्शनल मुकाबले में उतरेंगे। वहीं महिला पेयर्स में पिंकी सिंह और रूपा रानी तिर्की की जोड़ी अपना सेक्शनल मुकाबला खेलेगी।

बॉक्सिंग में पांच भारतीयों की चुनौती
दोपहर 3:30 बजे से शुरू होने वाले सेशन में परवीन हुड्डा, अरुंधति चौधरी और सचिन सिवाच अपने-अपने पहले राउंड के मुकाबले खेलेंगे। उन्होंने 2025 में वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल्स में गोल्ड मेडल जीता था। वे ऐसा करने वाले पहले भारतीय पुरुष मुक्केबाज बने थे।
रात 10:30 बजे से शुरू होने वाले इवनिंग सेशन में अंकुश पहले राउंड में उतरेंगे। अगर आदित्य प्रताप सिंह अपना पहला मुकाबला जीतते हैं, तो दूसरे राउंड में खेलेंगे।

बॉक्सर सचिन सिवाच 60 किलोग्राम भार वर्ग में खेलेंगे।
3×3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल और स्विमिंग में भी एक्शन
शाम 5 बजे महिला 3×3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल में भारत का मुकाबला वेल्स से होगा। स्विमिंग में शाम 4 बजे धक्षन शशिकुमार पुरुष 400 मीटर फ्रीस्टाइल हीट्स में उतरेंगे। क्वालिफाई करने पर वह रात 11:30 बजे फाइनल खेलेंगे।
इसके बाद शाम 4:15 बजे चैतन्य विश्वास कुलकर्णी पुरुष S14 200 मीटर फ्रीस्टाइल हीट्स में हिस्सा लेंगे। क्वालिफाई करने पर उनका फाइनल रात 12:45 बजे होगा। क्वालिफाई करने पर श्रीहरि नटराज पुरुष 50 मीटर बैकस्ट्रोक के फाइनल में रात 12:20 बजे उतरेंगे।
————————————————– स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट इवेंट का शेड्यूल जारी

एशियन गेम्स 2026 के लिए क्रिकेट टूर्नामेंट के ड्रॉ और ग्रुप गुरुवार को घोषित कर दिए गए। भारतीय मेंस और विमेंस टीमों ने सीधे नॉकआउट (क्वार्टर फाइनल) में जगह बना ली है। इस बार क्रिकेट टूर्नामेंट के सभी मुकाबले जापान के नागोया में टी-20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे। पूरी खबर पढ़ें…
