![]()
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बुलंदशहर के दौरे पर हैं। इस दौरान वे जनपद को 574.56 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की भी शुरुआत करेंगे। अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सबसे पहले शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के खंडवाया स्थित रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद, मुख्यमंत्री नुमाइश मैदान पहुंचेंगे, जहां वे “एक पेड़ माँ के नाम” थीम पर आधारित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। वृक्षारोपण के उपरांत, मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे। वे बच्चों के अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम में भी सहभागिता करेंगे। इस दौरान अटल आवासीय विद्यालय, राजकीय मेडिकल कॉलेज और विद्यार्थियों के विज्ञान प्रोजेक्ट्स के मॉडलों का अवलोकन भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री जनपद के उद्यमियों, प्रगतिशील किसानों और स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन भी करेंगे। मुख्यमंत्री आज बुलंदशहर और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 20 विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें मुख्य रूप से बुलंदशहर-स्याना-गढ़ मार्ग का चौड़ीकरण, अमृत 2.0 पेयजल पुनर्गठन योजना, पुलिस लाइन में महिला व पुरुष बैरक और कल्याण सिंह राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना शामिल है। इसके अतिरिक्त, स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) 2.0 के तहत एसटीपी व को-ट्रीटमेंट कार्य, राजकीय आईटीआई में कार्यशाला निर्माण और गौसंरक्षण केंद्र की स्थापना सहित 7 नई परियोजनाओं का भी शिलान्यास होगा। मुख्यमंत्री 24 पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। इनमें राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेंठा की बाउंड्री वॉल, जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय बदनौरा (ट्रांजिट हॉस्टल), यमुनापुरम स्पोर्ट्स स्टेडियम में ऑल वेदर स्विमिंग पूल का सुदृढ़ीकरण और 100 बेडेड वर्किंग वीमेन हॉस्टल प्रमुख हैं। संयुक्त जिला चिकित्सालय में विद्युत फीडर की स्थापना और चामड़ कॉलोनी से गुलावठी रोड तक सी.सी. रोड व नाली सुदृढ़ीकरण जैसे कार्य भी लोकार्पित किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंतिम चरण में, मुख्यमंत्री लोक-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सीधे लाभान्वित करेंगे। इसके तहत मुख्यमंत्री युवा योजना, सिरेमिक टूलकिट, थर्मल प्रिंटर, कस्टम हायरिंग सेंटर और फार्म मशीनरी बैंक के चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं आवश्यक उपकरण सौंपे जाएंगे।
Source link
CM योगी आज बुलंदशहर में:574.56 करोड़ रुपए की 20 परियोजनाओं का शिलान्यास, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान करेंगे शुरू