शेयर बाजार में निवेश नाम पर 12.44 लाख की ठगी:साइबर थाना ने वापस कराए, आईपीओ और मुनाफे नाम पर हुई थी ठगी


गोंडा में साइबर पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर हुई ठगी के मामले में आज मंगलवार देर शाम 5:00 बजे बड़ी कार्रवाई कर दो 12 लाख 44 हजार 770 रुपए वापस कराए हैं। मालवीय नगर के रहने वाले राजेंद्र कुमार के साथ यह ठगी हुई थी। पुलिस ने मंगलवार शाम करीब 5 बजे पीड़ित को सीओ सदर कार्यालय बुलाकर पैसे वापस मिलने की जानकारी दी। इसके बाद पीड़ित ने गोंडा पुलिस का धन्यवाद किया। दरअसल, 24 जून को राजेंद्र कुमार के मोबाइल पर आईपीओ और शेयर मार्केट में ज्यादा मुनाफे से जुड़ा एक विज्ञापन आया था। उस लिंक पर क्लिक करते ही वह एक अनजान व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गए। इस ग्रुप में पहले से मौजूद लोग फर्जी मुनाफे के स्क्रीनशॉट और दावे साझा कर रहे थे। जालसाजों की बातों में आकर राजेंद्र कुमार ने बड़े मुनाफे के लालच में कई बार में लाखों रुपए लगा दिए। जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की, तब उन्हें ठगी का पता चला। पीड़ित ने तुरंत इस मामले की शिकायत गोंडा के पुलिस अधीक्षक से की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम थाना गोंडा में केस दर्ज किया गया। साइबर टीम ने तेजी से तकनीकी जांच की। टीम ने जालसाजों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे कई बैंक खातों की पहचान कर उन्हें तुरंत फ्रीज करा दिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद फ्रीज किए गए कुल 12 लाख 44 हजार 770 रुपए पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों और साइबर टीम का आभार जताया। सीओ सदर अभिषेक दावाच्या ने लोगों को सलाह दी है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के व्हाट्सएप ग्रुप से न जुड़ें और न ही किसी लिंक पर क्लिक करें। ऐसा करने से वे भी ठगी का शिकार हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में ठगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। निवेश न करके आरोपियों ने अपने दूसरे म्यूल खातों में पैसों को ट्रांसफर कर लिया था उन्हीं खातों से पैसों को वापस कराया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *