CM बोले- बाढ़ बचाव की तैयारी पूरी करें:गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक की


3 दिवसीय यात्रा पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मानसून को देखते हुए बाढ़ बचाव की तैयारी पूरी कर लें। नदियों के जलस्तर पर नियमित रूप से नजर रखें। सभी तटबंधों की निगरानी बढ़ा दें, जिससे समय से किसी भी समस्या से निपटा जा सके। मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास परियोजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने सावन माह में सभी शिवालयों में साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सीएम ने कहा कि सावन महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में आते हैं, इसलिए वहां नियमित रूप से सफाई कराई जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर हर तरह की सुविधा होनी चाहिए। कांवड़ियों को किसी प्रकार की दिक्कत न होने पाए, उनकी सुरक्षा का पूरा खयाल रखेँ।

मुख्यमंत्री ने जिले में संचालित महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं को समय से एवं पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री को बताया गया कि हर्बर्ट बांध फोरलेन, विरासत गलियारा का काम इसी महीने पूरा हो जाएगा। सीएम ने कहा कि काम समय से पूरा कर लें और उसके लोकार्पण की तैयारी की जाए। बैठक में सीएम ने नौसढ़-पैडलेगंज सिक्सलेन, एचएन सिंह चौराहा से गोरखनाथ फोरलेन, स्पोर्ट्स कॉलेज से करीमनगर होते हुए फर्टिलाइजर तक फोरलेन काम के बारे में पूछा। अधिकारियों ने बताया कि अक्टूबर तक इसे पूरा कर लिया जाएगा। उन्हें बताया गया कि चार फाटक-असुरन फोरलेन अगले माह और गोरखपुर-पिपराइच फोरलेन नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। कलेक्ट्रेट और एकीकृत मंडलीय कार्यालय का काम भी तेजी से चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर विलंब न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से विकास कार्यों की निगरानी करें। उन्होनंे गीडा में भूखंडों की स्थिति की जानकारी लेते हुए निवेश बढ़ाने पर जोर दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *