अयोध्या मेले में मिलावटी मुसम्मी जूस से महिला को उल्टी:एसडीएम ने जांच के आदेश दिए, दोषियों पर होगी कार्रवाई


अयोध्या जिले के कुमारगंज इलाके में महर्षि वामदेव तपोस्थली बवां में चल रहे मेले में खाने-पीने की चीजों की क्वालिटी पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि मेले में मिलावटी सामान और मुसम्मी के नाम पर केमिकल वाला जूस बेचा जा रहा है। 10 रुपये गिलास में बिकने वाले इस जूस को पीने के बाद कई लोगों की तबीयत खराब होने की शिकायतें मिली हैं। मिल्कीपुर के उप जिलाधिकारी पवन कुमार शर्मा ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मेले में कई दुकानों पर मुसम्मी जूस के नाम पर सस्ता पेय बेचा जा रहा है। उनका कहना है कि इसमें असली मुसम्मी की जगह कोई केमिकल या नकली चीज मिलाई जा रही है। यह जूस पीने के कुछ ही देर बाद लोगों को उल्टी और बेचैनी होने लगी है। मेले में आई गडौली निवासी सगीता की भी जूस पीने के बाद तबीयत बिगड़ गई। जब लोगों ने उनसे पूछा तो सगीता ने बताया कि उन्होंने मेले में 10 रुपये गिलास वाला मुसम्मी जूस पिया था। जूस पीने के बाद उन्हें अजीब लगा और थोड़ी देर में उल्टियां होने लगीं। हालांकि, कुछ समय बाद उनकी हालत ठीक हो गई और वह घर चली गईं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मेले में बिकने वाले खाने-पीने के सामान की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और परिवार आ रहे हैं। ऐसे में खाने की चीजों में मिलावट या सेहत के लिए नुकसानदायक चीजों का इस्तेमाल एक गंभीर बात है। मिल्कीपुर के उप जिलाधिकारी पवन कुमार शर्मा ने गुरुवार को बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने संबंधित टीम को जांच और जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जांच के बाद नियमों के हिसाब से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *