भोपाल9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मध्य प्रदेश सरकार ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले की सीबीआई जांच के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखेगी। उसकी सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के जमानत के खिलाफ रिजेक्शन एप्लीकेशन भी लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ट्विशा के परिजन को ये आश्वासन दिया है।
दरअसल, ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने रिटायर्ड सैनिकों के साथ बुधवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान सीएम यादव ने कहा कि सरकार उनकी पूरी मदद करेगी। यदि कोर्ट दोबारा पोस्टमॉर्टम के निर्देश देता है तो पार्थिव शरीर को दिल्ली एम्स तक भिजवाने का काम भी सरकार करेगी।
बता दें कि परिजन ने ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के लिए भोपाल कोर्ट में आवेदन दिया है, जिस पर सुनवाई जारी है। वहीं, ट्विशा के फरार पति समर्थ सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया जा चुका है।
उधर, राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। वहीं, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भी मामले की जांच CBI से कराने की मांग उठाई है।

ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान रिटायर्ड सैनिक भी उनके साथ रहे।
रिटायर्ड जज गिरीबाला को कंज्यूमर फोरम से हटाने के लिए पत्र
ट्विशा के परिजन ने रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह को कंज्यूमर फोरम से हटाने के लिए राज्यपाल डॉ. मंगू भाई पटेल को पत्र भी लिखा है। इसमें कहा है कि गिरीबाला पर दहेज हत्या की FIR दर्ज है, इसलिए उन्हें पद से हटाया जाए।
गिरीबाला सिंह फिलहाल डिस्ट्रिक्ट कंज्यूमर फोरम में जज हैं।

ट्विशा के परिजन ने राज्यपाल को पत्र लिखकर गिरिबाला सिंह की नियुक्ति रद्द करने की मांग की है।
समर्थ के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी
भोपाल पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। पुलिस कमिश्नर संजय सिंह ने कहा- एसआईटी हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस को सेकंड पोस्टमॉर्टम पर कोई आपत्ति नहीं है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। ट्विशा के गले पर मिले निशान बेल्ट से फांसी लगाने के हैं। मौत के बाद दो दिन के भीतर ही एफआईआर भी दर्ज कर ली गई थी।
रिटायर्ड सैनिकों ने निकाली बाइक रैली
बुधवार को ही भोपाल में रिटायर्ड सैनिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए बाइक रैली निकाली। लाल परेड ग्राउंड पहुंचकर प्रदर्शन किया। रिटायर्ड जनरल श्याम सुंदर श्रीवास्तव के नेतृत्व में स्पेशल डीजी अनिल कुमार शर्मा से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा।
श्रीवास्तव ने बताया कि हमने ट्विशा के परिवार की पांच मांगों को उनके सामने रखा है। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है।

रिटायर्ड सैनिकों ने ट्विशा शर्मा के लिए न्याय की मांग करते हुए बाइक रैली निकाली। हाथों में फ्लैक्स लेकर प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने मांगी ATR
राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन और डीजीपी कैलाश मकवाना को पत्र लिखकर तत्काल, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच के निर्देश दिए हैं। आयोग ने 7 दिन के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) मांगी है।
साथ ही FIR में लगाई गई धाराओं, समर्थ की गिरफ्तारी, पासपोर्ट इंपाउंडमेंट, CCTV फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और फॉरेंसिक साक्ष्यों पर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी भी देने को कहा है। आयोग ने पीड़िता के परिवार को किसी भी प्रकार की धमकी या दबाव से सुरक्षा दिलाने के निर्देश भी दिए हैं।
वहीं, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। इसमें कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय एजेंसी से जांच कराना आवश्यक है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

मामले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा #JusticeForTwisha

भोपाल में 12 मई को ट्विशा शर्मा की मौत के बाद सोशल मीडिया पर #JusticeForTwisha तेजी से ट्रेंड कर रहा है। लोग इंस्टाग्राम, एक्स और वॉट्सएप पर ट्विशा से जुड़े पोस्ट शेयर कर रहे हैं। लेकिन ‘Justice For Twisha’ जैसे अभियान चलते कैसे हैं? क्या इनके पीछे पूरी टीम काम करती है? और क्या इसमें पैसे भी खर्च होता है? पढे़ं पूरी खबर…
भोपाल में एक्ट्रेस ट्विशा की मौत से पहले का VIDEO

भोपाल में मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में सोमवार को CCTV फुटेज सामने आया है। मौत से पहले वह घर की छत पर जाती दिखाई दी है। कुछ देर बाद उसके शव को तीन लोग नीचे लाते दिख रहे हैं। पढे़ं पूरी खबर…
