सरफराज वारसी | बाराबंकी4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र के पहला गांव में रविवार को पुलिस की दबिश के दौरान एक व्यक्ति गोमती नदी में कूद गया और लापता हो गया। पुलिस सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची थी। देर रात तक पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी रहीं, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
रविवार शाम 6 बजे कोठी थाने में तैनात दरोगा अपनी टीम के साथ पहला गांव पहुंचे थे। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद जुआरियों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने पीछा कर 6 आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सुबेहा थाना सुबेहा निवासी अबू बकर, हैदरगढ़ थाना सराय रावत निवासी आशीष कुमार मिश्र, मायाराम और सुंदरलाल, हैदरगढ़ थाना सराय चंदेल निवासी मोहम्मद जैद तथा असंद्रा थाना पजावा निवासी अयोध्या प्रसाद शामिल हैं। इन सभी को पुलिस थाने ले आई।

इसी दौरान पुलिस को पता चला कि उनका एक साथी लापता है। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पुलिस के डर से उनका साथी घनश्याम साहू भागते समय गोमती नदी में कूद गया था। वह सराय रावत का निवासी है। यह सूचना मिलते ही पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची। नदी किनारे तलाश शुरू की।
रात 10 बजे एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया। रविवार देर रात तक चले खोज अभियान के बावजूद घनश्याम का कोई पता नहीं चल सका। कोठी थाना प्रभारी ने बताया कि लापता घनश्याम साहू की तलाश लगातार जारी है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
