आशुतोष नारायण द्विवेदी | बख्शी का तालाबकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

औरैया से बेटे को लखनऊ NEET का पेपर दिलाने आए पिता की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। बेटा बीकेटी इंटर कॉलेज के अंदर पेपर दे रहा था। एग्जाम शुरू होने के बाद पिता सेंटर से कुछ दूर ट्रेन की पटरी की तरफ चला गया। उधर से लौटते समय एक ट्रेन आ गई, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान अरुण कुमार (38) के रूप में हुई। वह औरैया जिले के भरधना रोड, वार्ड नंबर 6, बस्ती बिधुना का निवासी था। स्थानीय लोगों ने घटना देखते ही पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल से करीब 50 कदम की दूरी पर सीतापुर रोड स्थित इंदौरा बाग चौकी से पुलिस पहुंची। मृतक की शिनाख्त जेब में मिले आधार कार्ड से हुई।

ट्रेन की चपेट में आने से अरुण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक के फोन से घर में किया कॉल
पुलिस के अनुसार, अरुण कुमार अपने बेटे यशु को बीकेटी इंटर कॉलेज में NEET की परीक्षा दिलाने के लिए आया था। उसके पास एक बैग मिला, जिसमें आधार कार्ड भी था। जेब में मिले मोबाइल फोन से उसके घर में कॉल किया गया। वहां परिजनों को सूचना मिली तो उन्होंने बताया कि अरुण तो बेटे को NEET की परीक्षा दिलाने ले गए हैं।
5 बजे पेपर खत्म हुआ तो बेटे को भी पुलिस ने बताया। बेटा बीकेटी थाने में पहुंच गया है। बीकेटी थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि सभी कागजी प्रक्रिया पूरी कर मृतक की डेडबॉडी पोस्टमॉर्टम के लिए भेजी गई है। परिजन औरैया से चल दिए हैं।
