Ambedkar Nagar | Minister Sanjay Nishad Inaugurates Yoga Day 2026 Photos

अरुणेश प्रताप सिंह | अम्बेडकरनगर8 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

अम्बेडकरनगर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद में विभिन्न स्थानों पर भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम राजकीय हवाई अड्डे पर आयोजित हुआ, जहां प्रदेश के मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री संजय निषाद ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

राजकीय हवाई अड्डे पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद शुक्ला समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान योग के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश भी दिया गया।

वहीं, पुलिस लाइन में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेंद्र कुमार तथा अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) डॉ. तेजबीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। अधिकारियों और जवानों ने योगासन एवं प्राणायाम कर फिट और तनावमुक्त जीवन का संकल्प लिया।

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। योग तनाव कम करने के साथ-साथ कार्यक्षमता और एकाग्रता बढ़ाने में भी सहायक है।

जनपद भर में आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों ने लोगों को स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। योगाभ्यास के माध्यम से लोगों को नियमित रूप से स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित किया गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *