![]()
हरदोई जनपद में शहर से लेकर कस्बों और गांवों तक श्री गणेश उत्सव की धूम है। इसी क्रम में गजानन सेवा समिति, वंशी नगर की ओर से गणेश उत्सव के छठे दिन शनिवार को राधा अष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। रात 8 बजे भव्य भजन संध्या का आयोजन हुआ। इसमें उत्तर प्रदेश शासन की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी मुख्य रूप से शामिल हुईं। भजन संध्या में वृंदावन धाम से आए भजन गायक मुकुल द्विवेदी ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने भगवान श्री गणेश और राधारानी की भक्ति से जुड़े भजन सुनाए। ‘करुणा भरी नजर से निहारो लाडली…’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। राधारानी की भक्ति में उन्होंने दो पंक्तियां भी प्रस्तुत कीं, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
दिन की शुरुआत हवन के साथ हुई। इसके बाद सिनेमा रोड पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को भगवान गणेश को छप्पन भोग अर्पित किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान गणेश और राधारानी का आशीर्वाद लिया। रात 8:30 बजे आरती हुई। इसमें उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी के साथ सवायजपुर विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल और कामिनी अग्रवाल मौजूद रहीं।
इस दौरान डॉ. जेके वर्मा को ‘डॉ. आलोक सिंह स्मृति पुरस्कार’, वरिष्ठ पत्रकार रमेश चंद्र पाठक को ‘केके अवस्थी अवार्ड’ और अनाहिता द्विवेदी को ‘केतन स्मृति अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल और उनकी पत्नी की ओर से दिवंगत बेटे केतन की स्मृति में पुरस्कारों की घोषणा के दौरान माहौल भावुक हो गया।
समिति अध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी ने बताया कि 20 सितंबर को भगवान गणेश की प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद बावन नहर में प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन पंकज अवस्थी ने किया।
Source link
गणेश उत्सव में राधा अष्टमी पर सजी भजन संध्या:च्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने की आरती, गायक मुकुल द्विवेदी के सुरों पर झूमे भक्त