नरेश प्रताप सिंह | कोल7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अलीगढ़ में विवेचना के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर महेश कुमार गौतम को निलंबित कर दिया गया है। एसएसपी नीरज जादौन ने देर रात यह कार्रवाई की। उनके खिलाफ थाना सिविल लाइन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद की गई, जिसमें इंस्पेक्टर गौतम पर रिश्वत लेने का आरोप है। आरोप है कि उन्होंने इगलास क्षेत्र की आनंद विहार कॉलोनी निवासी रामकुमार शर्मा से उनके भाई के मारपीट मामले की विवेचना के लिए अलग-अलग किस्तों में एक लाख रुपये वसूले।पीड़ित रामकुमार शर्मा के अनुसार, मार्च 2025 में हुए मारपीट प्रकरण की जांच इंस्पेक्टर के पास थी। आरोप है कि न्याय दिलाने के बजाय इंस्पेक्टर ने मामले को लंबा खींचा और कभी 50 हजार, कभी 25 हजार रुपये लिए। यहां तक कि एक मिठाई की दुकान पर ‘विधिक राय’ देने के नाम पर भी पांच हजार रुपये वसूल किए गए।रामकुमार शर्मा का आरोप है कि इंस्पेक्टर ‘ऊपर तक पैसे पहुंचाने’ की बात कहकर लगातार रकम मांगते रहे। सात महीने बीत जाने के बाद भी विवेचना पूरी नहीं हुई। हाल ही में इंस्पेक्टर ने 40 हजार रुपये और मांगे, जिसके बाद पीड़ित ने परेशान होकर उनका वीडियो बना लिया।पीड़ित ने रिश्वत लेने का यह वीडियो एसएसपी के सरकारी सीयूजी नंबर पर भेज दिया। वीडियो सामने आते ही एसएसपी नीरज जादौन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराई। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया।फिलहाल, थाना सिविल लाइन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

