![]()
बाराबंकी में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) के 90वें स्थापना वर्ष का समापन समारोह 12 और 13 अगस्त 2026 को बाराबंकी में आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय कार्यक्रम में देशभर से संगठन के प्रतिनिधि, पूर्व नेता, छात्र, शिक्षक और विभिन्न जन संगठनों से जुड़े लोग शामिल होंगे। एआईएसएफ के राष्ट्रीय महासचिव दिनेश श्रीनिवास रंगराजन ने रविवार को गांधी भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त को सुबह 11 बजे बाराबंकी में रैली निकाली जाएगी। इसके बाद जनसभा का आयोजन होगा। इसमें एटक की महासचिव अमरजीत कौर, पूर्व सांसद सैयद अजीज पाशा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रामकृष्ण पांडा और सांसद पी. संतोष कुमार समेत कई पूर्व एआईएसएफ नेता शामिल होंगे।
रंगराजन ने बताया कि एआईएसएफ की स्थापना 12 अगस्त 1936 को लखनऊ में हुई थी। संगठन ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान हेमू कालानी और कनकलता बरुआ समेत कई साथियों ने देश के लिए बलिदान दिया। उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को सुबह 10 बजे ‘सार्वजनिक शिक्षा की रक्षा: चुनौतियां और आगे की राह’ विषय पर सेमिनार आयोजित किया जाएगा। इसमें लखनऊ विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति प्रो. रूप रेखा वर्मा, ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन के महासचिव प्रो. अरुण कुमार, पूर्व विधायक कट्टी नरसिम्हा रेड्डी और वाईएस लोहित संबोधित करेंगे। समारोह के दौरान छात्र आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले छात्र नेताओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा एआईएसएफ की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष मुजम्मिल जाहिद अली, उपाध्यक्ष नोमान खान, अरुण प्रकाश, प्रदेश सचिव सतीश कुमार, सह सचिव चंद्रभान, अभिषेक वर्मा, मनीष चौधरी, रीना मौर्य, आलोक कुमार, आदित्य वर्मा और महेंद्र यादव समेत कई छात्र नेता मौजूद रहे।
Source link
AISF का 90वां स्थापना वर्ष समारोह:बाराबंकी में 12 अगस्त को निकलेगी रैली, 13 अगस्त को सार्वजनिक शिक्षा पर होगा सेमिनार