भाजपा नेता गोलीकांड में 36 घंटे बाद भी तहरीर नहीं:एडिशनल एसपी नहीं दर्ज कर सके बयान, परिजनों का सीसीटीवी-डीवीआर देने से इनकार


गोंडा जिले में परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डेहरास पंचायत के गजराजपुरवा में सोमवार रात हुए भाजपा जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह गोलीकांड को लेकर 36 घंटे बीत चुके हैं। हालांकि पीड़ित परिवार के लोगों द्वारा अभी तक परसपुर थाने में किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने परिजनों से 10 से अधिक बार तहरीर मांगी है, लेकिन शिकायत न मिलने से जांच में बाधा आ रही है। गोलीकांड में घायल भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह का बयान लेने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय लखनऊ केजीएमसी पहुंचे। भूपेंद्र सिंह के बेहोश होने के कारण वे तीन बार प्रयास के बावजूद बयान दर्ज नहीं कर पाए और बिना बयान लिए ही गोंडा वापस लौट आए। परसपुर थाने की पुलिस भूपेंद्र सिंह के घर लगे सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल करना चाहती थी, लेकिन परिजनों ने सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग और डीवीआर देने से साफ इनकार कर दिया है। अभी तक पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं करवाए गए हैं। इस घटना के बाद घायल भूपेंद्र सिंह के घर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही लखनऊ केजीएमसी में भी पुलिस बल की तैनाती है, जहां उनके परिजनों की लगातार सुरक्षा और निगरानी की जा रही है। गोंडा पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि अभी तक परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि तहरीर मिलते ही तत्काल मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी। मामले के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सभी बिंदुओं पर हमारी चार पुलिस टीमों द्वारा जांच की जा रही है जांच में जो भी निकाल कर आएगा उसके आधार पर हम कड़ी कार्रवाई करेंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *