अमरोहा बार एसोसिएशन चुनाव के लिए मतदान शुरू:1030 अधिवक्ता कर रहे मताधिकार का प्रयोग, 55 प्रत्याशी मैदान में उतरे


अमरोहा कचहरी परिसर में बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए मंगलवार सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो गया। कुल 1030 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस चुनाव में 9 पदों के लिए 55 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला मतपेटियों में कैद होगा। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही अधिवक्ताओं की लंबी कतारें देखी गईं। अधिवक्ता बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा ले रहे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और कचहरी परिसर में पुलिस बल तैनात है, ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। सभी की नजरें बुधवार को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। मतगणना के बाद नए अध्यक्ष, महासचिव समेत अन्य पदाधिकारियों के नामों का ऐलान होगा और बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी की तस्वीर साफ हो जाएगी। इस चुनाव में अध्यक्ष और महासचिव पद पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। दोनों ही पदों पर छह-छह प्रत्याशी मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए चैन सुख गोले, कपिल कुमार चिकारा, आदिश खान सैफी, संजय कुमार शर्मा, अख्तर हुसैन और महाराज सिंह के बीच टक्कर है। वहीं, महासचिव पद पर अरशद भारती, दिनेश चौहान, धर्मेंद्र सिंह, फारूक अहमद, विशाल कुमार शर्मा और निरंकार सिंह आमने-सामने हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कुछ पदों पर नाम वापसी के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद से उम्मे अम्मारा एडवोकेट के नाम वापस लेने के बाद शबनम परवीन का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय है। इसी तरह, सदस्य कार्यकारिणी पुरुष जूनियर ग्रुप के चार पदों पर हरजीत सिंह राणा, फुरकान अली, मोहम्मद सिकंदर उर्फ सोनू और वसीम अख्तर आब्दी का निर्विरोध निर्वाचन तय है। सदस्य कार्यकारिणी सी ग्रुप महिला के दो पदों पर रेनू अग्रवाल और पूनम चौधरी का निर्विरोध चुना जाना भी लगभग निश्चित है। शुरुआत में 12 पदों के लिए 57 प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन नाम वापसी के बाद अब 9 पदों पर 55 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *