![]()
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को प्रस्तावित “महिला जन आक्रोश रैली एवं मार्च पास्ट” को लेकर उन्नाव में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में एक तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने रैली को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। इस बैठक में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधा गया। प्रदेश उपाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह ने बैठक में कहा कि विपक्ष का दोहरा चरित्र देश के सामने आ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को पारित नहीं होने दिया। इससे देश की आधी आबादी को उनके अधिकार से वंचित रखा गया। उन्होंने कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और समाजवादी पार्टी पर महिलाओं के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी अर्चना मिश्रा ने कहा कि विपक्ष परिवारवाद की राजनीति में उलझा हुआ है। उन्हें डर है कि महिलाओं के सशक्त होने से उनका वर्चस्व समाप्त हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि लखनऊ में होने वाली यह रैली ऐसे सुधार विरोधी चेहरों को उजागर करेगी और नारी शक्ति की ताकत का प्रदर्शन करेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने बताया कि उन्नाव की मातृशक्ति इस रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेगी और इसे ऐतिहासिक बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं की एकजुटता विपक्ष के हर षड्यंत्र का करारा जवाब देगी। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, सदर विधायक पंकज गुप्ता, विधायक बम्बा लाल दिवाकर, विधायक आशुतोष शुक्ला, विधायक अनिल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख संध्या पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, जिला उपाध्यक्ष विमला कुरील और किरण सिंह, जिला महामंत्री प्रवीण सिंह नूतन, रजनीश वर्मा, मनीष जायसवाल, तथा जिला मंत्री साधना दीक्षित सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी भी मौजूद थे।
Source link
महिला जन आक्रोश रैली की तैयारी तेज:उन्नाव में भाजपा ने बैठक कर विपक्ष पर साधा निशाना