सहारनपुर में खतरनाक बाइक स्टंट करने वाला युवक अरेस्ट:वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बाइक सीज की


सहारनपुर के गागलहेड़ी क्षेत्र में खतरनाक बाइक स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने स्टंट करने वाले युवक को गिरफ्तार कर उसकी मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। यह घटना हरियाबांस फ्लाईओवर के पास अंडरपास के नीचे हुई थी। वायरल वीडियो में एक युवक सफेद कपड़े और टोपी पहनकर अपाचे बाइक से स्टंट करता दिख रहा था। वह बाइक का अगला पहिया हवा में उठाकर तेज रफ्तार में खतरनाक करतब दिखा रहा था। इस स्टंट से आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों की जान जोखिम में पड़ गई थी। वीडियो में यह भी सामने आया कि बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी, जो यातायात नियमों का खुला उल्लंघन है। मौके पर नाबालिग बच्चे भी मौजूद थे, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई थी। एक अन्य युवक दूसरी बाइक पर एक छोटे बच्चे को आगे बैठाकर इस खतरनाक स्टंट का वीडियो बना रहा था। इस पूरे मामले का संज्ञान एसएसपी ने लिया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी सिटी व्योम बिंदल और सीओ सदर के नेतृत्व में थाना गागलहेड़ी पुलिस टीम ने जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने स्टंट करने वाले युवक की पहचान फैजान पुत्र आस मोहम्मद निवासी गांव मक्काबांस के रूप में कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की सफेद रंग की अपाचे बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर UP11AR-2122) को सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार के नेतृत्व में एसआई रविकांत गिरी और कांस्टेबल नरदेव की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर स्टंटबाजी जैसी लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की जान को खतरे में न डालें। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *