![]()
मेरठ के जागृति विहार सेक्टर-8 में रविवार देर रात एक युवक का शव उसके घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। मेडिकल थाना क्षेत्र में हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने सुसाइड नोट कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान विजय कुमार गुप्ता के तौर पर हुई है। परिजनों के मुताबिक, विजय ई-रिक्शा चलाकर परिवार चलाता था। उसकी शादी कुछ समय पहले ही हुई थी। शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच किसी न किसी बात को लेकर तनाव रहने लगा था। छोटी-छोटी बातों पर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। जानकारी के मुताबिक, हाल ही में विजय का अपनी पत्नी के साथ फिर विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी घर छोड़कर चली गई। पत्नी के चले जाने के बाद विजय काफी परेशान रहने लगा था। रविवार को वह घर पर अकेला था, इसी दौरान उसने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। काफी देर तक जब विजय बाहर नहीं आया तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। अंदर जाकर देखा तो उसका शव पंखे से लटका मिला। इसके बाद परिवार में मातम छा गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मेडिकल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। कमरे से मिले सुसाइड नोट को पुलिस ने जांच का अहम हिस्सा बनाया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि विजय ने किन हालात में यह कदम उठाया और सुसाइड नोट में क्या लिखा है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच हो रही है। सीओ सिविल लाइन दीक्षा भौरिया ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मेरठ में पत्नी के जाने के बाद युवक ने फंदा:घर के कमरे में पंखे से लटका मिला शव, पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला