हापुड़ में महिला से 20 लाख की ठगी:बदले में पत्थर थमाए, बाजार से लौटते समय बातों में फंसाकर ठगा


हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला से नशीले पदार्थ के सहारे लाखों रुपए की ठगी की गई है। दो युवकों ने बाजार से घर लौट रही महिला को बातों में फंसाया। आरोप है कि उन्होंने नशीला पदार्थ लगे नोट के जरिए महिला को अपने काबू में कर लिया। इसके बाद वे महिला के घर से करीब 9 तोले सोने के गहने, 2 किलो चांदी और 50 हजार रुपए नकद लेकर भाग गए। ठगों ने गहनों के बदले अखबार में लपेटकर पत्थर दे दिए। यह घटना शनिवार शाम मोहल्ला मजीदपुरा के पास हुई। रफीकनगर निवासी रहीसुद्दीन की पत्नी नाजरीन घरेलू सामान खरीदकर घर लौट रही थीं। तभी सड़क किनारे खड़े दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने खुद को भूखा बताकर खाना मांगा। महिला ने मदद के लिए उन्हें 200 रुपए दिए। आरोप है कि एक युवक ने नोट पर नशीला पदार्थ लगा दिया था। नोट महिला को वापस करने के बाद दोनों युवकों ने उसे बातों में उलझाए रखा। इसके बाद महिला अर्धबेहोशी की हालत में उनके काबू में आ गई। दोनों युवक उसके साथ रफीकनगर में उसके घर तक पहुंच गए। आरोपियों के कहने पर महिला घर के अंदर गई और प्लास्टिक के थैले में सोने-चांदी के गहने और 50 हजार रुपए रखकर बाहर ले आई। ठगों ने सामान अपने कब्जे में ले लिया और कागज में लपेटकर दो पत्थर महिला को दे दिए। उन्होंने महिला से पैकेट दो दिन तक नहीं खोलने को कहा और वहां से भाग गए। इसके बाद महिला की तबीयत खराब हो गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। रविवार रात करीब 10 बजे होश आने पर उसने परिवार वालों को घटना के बारे में बताया। पैकेट खोलने पर उसमें पत्थर मिले। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। कोतवाली प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच चल रही है। मजीदपुरा से रफीकनगर तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *