![]()
मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में मंदिर में 13 वर्षीय किशोरी की शादी कराए जाने की सूचना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की पीआरवी बताए गए माता के मंदिर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक और उसके साथ आए लोग मौके से फरार हो गए। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) किशोरी की काउंसलिंग कर रही है। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। मामला सोमवार शाम का है। डायल-112 पर किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि पीवीएस चौकी के अंतर्गत माता के मंदिर में 13 वर्षीय किशोरी की शादी कराई जा रही है। सूचना में यह भी बताया गया कि मंदिर में शादी की रस्में चल रही हैं। सूचना मिलते ही पीआरवी मौके पर पहुंची। पुलिस की गाड़ी देखते ही मंदिर परिसर में भगदड़ मच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही करीब 20 वर्षीय युवक और उसके साथ मौजूद अन्य लोग वहां से निकल गए। पुलिसकर्मियों ने मंदिर के अंदर जाकर देखा तो 13 वर्षीय किशोरी एक महिला के साथ मौजूद थी जो उसकी मां बताई गई। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह किसी का इंतजार कर रही थी। हालांकि, किशोरी के कपड़ों को देखकर पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। तत्काल मेडिकल थाना पुलिस को सूचना दी गई। महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं और किशोरी को अपनी सुपुर्दगी में लेकर थाने ले आईं। CWC ने दर्ज किए किशोरी के बयान
मेडिकल पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को दी। कमेटी की टीम ने किशोरी को अपनी सुपुर्दगी में ले लिया। मंगलवार को किशोरी को सीडब्ल्यूसी के समक्ष पेश किया गया, जहां उसके बयान दर्ज किए गए। इसके बाद किशोरी को नोएडा सेक्टर-62 स्थित राजकीय बालिका गृह भेज दिया गया। वहां उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई बाल विवाह की सूचना
बुधवार को मंदिर में किशोरी की शादी कराए जाने से जुड़ी सूचना एक फोटो के साथ सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया। हालांकि, पुलिस अधिकारी फिलहाल मामले में ज्यादा जानकारी देने से बच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि किशोरी को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सुपुर्द कर दिया गया है और कमेटी अपने स्तर से पूरे मामले की जांच कर रही है। दोनों परिवार एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। युवक और साथ आए लोगों की तलाश का सवाल
पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही 20 वर्षीय युवक समेत अन्य लोगों के फरार होने के कारण कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर किशोरी को मंदिर तक कौन लेकर आया था और वहां शादी की रस्में किसके कहने पर कराई जा रही थीं, इसे लेकर पुलिस स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से युवक या अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि नहीं की गई है। एसओ बोले- CWC के निर्देशों का इंतजार
थाना प्रभारी निरीक्षक मेडिकल हरिओम सिंह ने बताया कि चाइल्ड वेलफेयर कमेटी अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। किशोरी को राजकीय बालिका गृह भेजा गया है। वहां पर उसकी काउंसलिंग भी कराई जा रही है। पुलिस को मंदिर में कोई अन्य नहीं मिला। अगर कोई तहरीर देता है तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मंदिर में नाबालिग की शादी की सूचना से खलबली:पुलिस पहुंची तो दुल्हे समेत सभी भागे, CWC ने किशोरी को राजकीय बालिका गृह भेजा