![]()
जालौन के कुठौंदा गांव में तेंदुआ दिखने की खबर से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। कुछ ग्रामीणों ने खेतों के पास तेंदुआ देखने का दावा किया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस और वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 टीम और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने आसपास के खेतों, झाड़ियों और संभावित जगहों पर तेंदुए की तलाश की। हालांकि, काफी खोजबीन के बाद भी तेंदुआ वहां नहीं मिला। ग्रामीणों ने बताया कि वे चारा काटने गए थे, तभी अचानक उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया। इसके बाद वे डरकर वापस लौट आए। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और इलाके का जायजा लिया। तेंदुए की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। टीम आसपास के इलाकों में ड्रोन कैमरे से नजर रख रही है। इसका मकसद जंगल, खेतों और झाड़ियों में छिपे किसी भी जंगली जानवर की गतिविधि का पता लगाना है। तेंदुए की खबर के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। लोग खेतों में जाने से बच रहे हैं और एक-दूसरे को सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं। खासकर चारा काटने और खेतों में काम करने वालों को अकेले न जाने के लिए कहा गया है। पिछले साल भी कोंच तहसील क्षेत्र में तेंदुआ दिखा था, जिससे ग्रामीणों में काफी समय तक दहशत रही थी। फिलहाल, कुठौंदा गांव में तेंदुआ है या नहीं, इसकी पुष्टि वन विभाग की तलाश और निगरानी के बाद ही हो पाएगी। वन विभाग की टीम ड्रोन से लगातार संभावित इलाकों की निगरानी कर रही है।
Source link
जालौन में तेंदुआ दिखने की सूचना, लोगों में दहशत:वन विभाग ने ड्रोन से निगरानी शुरू की, ग्रामीण खेतों में जाने से बच रहे