भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष बोले…पार्टी के खिलाफ बोलने वाले स्वीकार नहीं:नई नियुक्तियों पर उठ रहे सवालों पर कहा पुराने नेताओं के घर जाकर बात करेंगे


भाजपा में हाल में हुई नई नियुक्तियों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने नाराज नेताओं को दो टूक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में हर कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन पार्टी में रहकर पार्टी के खिलाफ बोलने या उसकी मर्यादा भंग करने वालों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी और उन्हें नोटिस देकर जवाब मांगा जाएगा। पार्टी से बाहर का रास्ता देखे और चुनौती दे कानपुर स्थित कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय कार्यालय में बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी हमारी मां है और विचार हमारा पिता है। इसके प्रवाह में जो बाधा खड़ी करने का काम करेगा, वह पार्टी से बाहर का रास्ता देखे और अपना दल चुनकर चुनौती दे। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर बैठकर पार्टी के खिलाफ बोलने वाला व्यक्ति कितना ही ताकतवर या बड़ा नेता क्यों न हो, क्षेत्रीय अध्यक्ष के रूप में वह उसे स्वीकार नहीं करेंगे। बैठक के दौरान नव नियुक्त क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीतू सिंह व क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी भी मौजूद रहे। पुराने नेताओं से घर जाकर करेंगे बात नियुक्तियों को लेकर नाराजगी जताने वाले पुराने नेताओं के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने बताया कि पिछले प्रवास के दौरान उन्होंने वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। आगे भी पुराने कार्यकर्ताओं के घर जाकर उनसे संवाद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नीरज, प्रेमलता कटियार, बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक रहे प्रकाश शर्मा और शैलेंद्र त्रिपाठी समेत ऐसे कार्यकर्ताओं से वह स्वयं मिलेंगे। जिन कार्यकर्ताओं ने नियुक्तियों को लेकर बयान दिए हैं, उनके घर जाकर उनकी बात सुनी जाएगी। संवाद के आधार पर समाधान निकालने का प्रयास होगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता रामदेव शुक्ला की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों के सवाल पर साहू ने कहा कि उन्होंने अभी उनका बयान पढ़ा नहीं है। उन्होंने कहा वह हमारे बड़े भाई और पार्टी के नेता हैं। हम उनके घर जाकर उनसे संवाद करेंगे। हर जिले में 200 से 300 नए कार्यकर्ताओं की होगी नियुक्ति क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि यह परिचयात्मक बैठक है। इसमें क्षेत्र के नवनियुक्त पदाधिकारियों, नवनियुक्त कार्यसमिति सदस्यों और 17 जनपदों के जिलाध्यक्षों को बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि अभी प्रत्येक जिले में करीब 200 से 300 नए कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जानी है। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता की कुशलता के अनुसार उसे जिम्मेदारी दी जाएगी। बूथ के कार्यकर्ताओं को मजबूत और व्यवस्थित करने के लिए एक-एक विधानसभा की जिम्मेदारी देने की योजना है। 15 दिन में फील्ड में दिखेगा असर राम किशोर साहू ने कहा कि युवा जोश और पुराने कार्यकर्ताओं के अनुभव को साथ लेकर संगठन को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब यह योजना जमीन पर उतरेगी तो करीब 15 दिन में इसका असर फील्ड में दिखाई देने लगेगा। उन्होंने इसे दुर्गा सप्तशती में मां दुर्गा के अनेक स्वरूपों की तरह संगठन की अलग-अलग क्षमताओं को एक साथ लेकर चलने से जोड़ा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *