अफ्फान हत्याकांड में सरेंडर की खबर से कचहरी में बवाल:अमरोहा कोर्ट के तीनों गेटों पर पहरा, पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा


अमरोहा में अफ्फान कुरैशी हत्याकांड के दो आरोपियों के कोर्ट में आत्मसमर्पण करने की सूचना पर शनिवार को कचहरी में माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजन और उनके समर्थक वकीलों के साथ कचहरी पहुंच गए। उन्होंने कोर्ट परिसर के तीनों गेटों पर निगरानी शुरू कर दी, ताकि आरोपी अंदर पहुंचकर सरेंडर न कर सकें। इस दौरान कई बार कहासुनी और हंगामा हुआ। हालात बिगड़ने की सूचना पर एएसपी अखिलेश भदौरिया, सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार और सीओ नौगावां सादात अवधभान सिंह भदौरिया पुलिस बल के साथ कचहरी पहुंच गए। इसी बीच मृतक पक्ष की पैरवी के लिए पहुंचे युवक आमान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई से वकील यूसुफ कुरैशी नाराज हो गए और अधिकारियों से उनकी तीखी नोकझोंक हुई। वकील ने पुलिस पर आरोप लगाया कि वह हत्यारोपियों से मिलीभगत कर रही है और उन्हें कोर्ट में आत्मसमर्पण का मौका दिया जा रहा है। विरोध बढ़ने के बाद पुलिस ने आमान को छोड़ दिया। इसके बाद भी कचहरी में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। कोर्ट में नहीं हुआ सरेंडर, पुलिस ने 3 को किया गिरफ्तार कड़ी निगरानी के बावजूद शनिवार को नामजद आरोपियों में से कोई भी कोर्ट में आत्मसमर्पण नहीं कर सका। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शानदार, उसके भाई कामरान और शन्नू उर्फ आमिल को गिरफ्तार कर लिया। चार दिन से आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के कारण मृतक के परिवार में पहले से नाराजगी थी। कचहरी में हंगामे की एक बड़ी वजह यही गुस्सा भी बताया जा रहा है।

पैसों के लेनदेन और पुरानी रंजिश में हुई थी हत्या मंगलवार रात मोहल्ला जट बाजार में पैसों के लेनदेन और पुरानी दुश्मनी को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान मोहल्ला बगला निवासी अफ्फान कुरैशी के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अफ्फान के भाई फैजान की शिकायत पर कटकुई निवासी सगे भाई शानदार और कामरान, राजू सराय निवासी शहजाद, शिवद्वारा निवासी शन्नू उर्फ आमिल और कटकुई निवासी अरहम के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हत्याकांड में उनकी भूमिका और बाकी नामजद आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *