श्रावस्ती में स्कूल के रास्ते में भरा पानी:जेसीबी से हुई जलनिकासी, जल्द होगी स्थायी व्यवस्था


श्रावस्ती के जमुनहा शिक्षा क्षेत्र के परसोहना ग्राम पंचायत के मनकौरा स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास जलभराव की समस्या का प्रशासन ने अस्थायी समाधान कर दिया है। शनिवार 1:00 बजे जानकारी मिली की स्कूल जाने वाले रास्ते पर करीब डेढ़ फीट पानी भरा होने से छात्र-छात्राओं के साथ ग्रामीणों और राहगीरों को भी आने-जाने में दिक्कत हो रही थी। पिछले कुछ दिनों पूर्व रुक रुक हुई बारिश के कारण विद्यालय के आसपास पानी जमा था। बच्चों को इसी पानी से होकर स्कूल जाना पड़ रहा था, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ था। छात्र मुनीर और अन्य बच्चों ने बताया कि करीब तीन दिनों से रास्ते में पानी भरा था और स्कूल आते-जाते समय डर लगता था। ग्रामीण रामदीन मौर्य और अन्य लोगों ने बताया कि पहले पुलिया के जरिए बारिश का पानी आसानी से निकल जाता था। उनका आरोप है कि पुलिया के पास भवन निर्माण के दौरान मिट्टी डाल दिए जाने से पानी निकलने का रास्ता बंद हो गया। इसके चलते जल निकासी की व्यवस्था न होने से विद्यालय के आसपास के रास्तों और खेतों में भी पानी जमा हो गया था। समस्या की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर वैकल्पिक तरीके से जेसीबी की मदद से मिट्टी हटवाकर पानी की निकासी कराई। राजस्व टीम, ग्राम प्रधान और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में यह अस्थायी रास्ता बनाया गया, जिससे विद्यालय के पास जमा पानी निकल गया। पानी निकलने के बाद स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने राहत महसूस की। ग्राम प्रधान भीम सिंह ने बताया कि फिलहाल अस्थायी व्यवस्था से पानी निकलवा दिया गया है। जल्द ही स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था कराई जाएगी, ताकि बरसात के दिनों में दोबारा विद्यालय जाने वाले बच्चों और ग्रामीणों को परेशानी न हो।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *