मेरठ में पूर्वमंत्री याकूब की बंद फैक्ट्री में चोरी:गार्डों को बंधक बनाकर लाखों का सामान ले गए, एक दर्जन बदमाशों ने बोला धावा


मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र के मेरठ-बुलंदशहर हाईवे स्थित गांव अल्लीपुर में शुक्रवार रात बंद पड़ी पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी की अल फहीम मीटेक्स फैक्ट्री में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। आरोप है कि 10-12 बदमाश दीवार फांदकर फैक्ट्री में घुसे और वहां तैनात सुरक्षा गार्डों को पिस्टल दिखाकर बंधक बना लिया। बदमाश करीब चार घंटे तक फैक्ट्री में रहे और मशीनों की कीमती प्लेटों समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से फैक्ट्री के आसपास रहने वाले लोगों और दूसरी फैक्ट्रियों में तैनात सुरक्षा कर्मचारियों में दहशत है। पुलिस ने मामले में चोरी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है, जबकि फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से बदमाशों पर गार्डों को बंधक बनाकर सामान ले जाने का आरोप लगाया गया है। बारिश के दौरान दीवार फांदकर घुसे बदमाश फैक्ट्री के सुपरवाइजर मुमताज अहमद के मुताबिक, अल फहीम मीटेक्स वर्ष 2019 से बंद है। फैक्ट्री की सुरक्षा के लिए दिन-रात गार्ड तैनात रहते हैं। बिजली कनेक्शन नहीं होने के कारण परिसर में रात के समय अंधेरा रहता है। शुक्रवार रात बारिश के चलते गार्ड फैक्ट्री के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान बदमाश दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हो गए। आरोप है कि बदमाशों ने गार्डों को पिस्टल दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और उनके मोबाइल फोन छीन लिए। विरोध करने पर मारपीट करने का भी आरोप है। इसके बाद सभी गार्डों को एक कमरे में बंद कर दिया गया। चार घंटे तक फैक्ट्री में खंगालते रहे सामान
आरोप है कि बदमाशों ने फैक्ट्री में करीब चार घंटे तक सामान खंगाला। इस दौरान दो फ्रीजर की 32 एल्युमिनियम प्लेट, छोटी मोटर और अन्य कीमती सामान निकाल लिया। गार्डों का कहना है कि बदमाश लगातार उन्हें धमकाते रहे और विरोध करने पर गोली मारने की बात कहते रहे।
बदमाशों के जाने के बाद गार्ड किसी तरह कमरे से बाहर निकले और सुपरवाइजर को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी और लोहियानगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फैक्ट्री का निरीक्षण किया और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने चोरी में दर्ज किया केस
फैक्ट्री प्रबंधन का आरोप है कि गार्डों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर सामान ले जाया गया, लेकिन पुलिस ने मामले में डकैती के बजाय चोरी की तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि फैक्ट्री में चोरी की घटना हुई है और इसी आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस की बात पढ़िए.. लोहियानगर थाना प्रभारी सुमित तोमर के मुताबिक, फैक्ट्री में चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। बदमाशों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *