![]()
सीतापुर के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को अलग-अलग घटनाओं में सरायन और पिरई नदी में डूबे 14 वर्षीय किशोर और 25 वर्षीय युवक का 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। रविवार सुबह स्थानीय गोताखोरों के साथ पीएसी की फ्लड यूनिट टीम ने भी दोनों नदियों में तलाशी अभियान शुरू किया। नदी के तेज बहाव और गहरे पानी के बीच टीमें किशोर राममिलन और युवक संदीप की तलाश में जुटी हैं। दोनों का कोई पता न चलने से उनके परिजनों की हालत बदहवास है। पहली घटना शनिवार को फर्रकपुर पुल के पास हुई थी। जहां क्षेत्र के निवासी चेतराम का 14 वर्षीय पुत्र राममिलन फर्रकपुर पुल के पास पहुंचा था। कुछ देर बाद उसकी साइकिल पुल पर खड़ी मिली। मौके पर मौजूद कुछ लड़कों ने उसके सरायन नदी में डूबने की आशंका जताई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से नदी में उसकी तलाश शुरू कराई। आसपास के लोगों से पूछताछ कर यह भी पता लगाने का प्रयास किया गया कि राममिलन को आखिरी बार किस स्थिति में देखा गया था। दूसरी घटना पिपरी तिलक सिंह गांव के पास पिरई नदी के घटिया घाट पर हुई। गांव निवासी रामहेत का 25 वर्षीय पुत्र संदीप शनिवार को भैंस चराने नदी किनारे गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और उसके डूबने की आशंका जताई गई। जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी देर तक उसकी तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह दोनों घटनास्थलों पर फिर से तलाशी अभियान चलाया गया। पीएसी की फ्लड यूनिट टीम ने नदी में उतरकर संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही है। पुलिस और ग्रामीण भी अभियान में सहयोग कर रहे हैं। दोनों युवकों का अभी तक पता नहीं चलने से परिजन लगातार नदी किनारे मौजूद हैं और उनकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस के अनुसार, तलाश अभियान जारी है।
Source link
सीतापुर में नदी में डूबे दो की तलाश में फ्लड-टीम:24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग, फ्लड यूनिट तलाश में जुटी