यमुना का जलस्तर बढ़ा, सजेती पुलिस ने बढ़ाई निगरानी:SDM के निर्देश पर नदी किनारे ड्रोन से नजर, ग्रामीणों को पानी से दूर रहने की सलाह


कानपुर जिले में लगातार रुक रुकर हो रही बारिश और यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह के निर्देशन में सजेती पुलिस ने नदी किनारे और जलभराव की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस ने ग्रामीणों को नदी से दूरी बनाए रखने और किसी भी तरह का जोखिम न उठाने की सलाह दी। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने पुलिस फोर्स के साथ यमुना नदी के किनारे स्थित गांवों और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने नदी के बढ़ते जलस्तर और आसपास के हालात का जायजा लिया। इस दौरान नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों और अन्य स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें संभावित खतरे के प्रति सचेत किया गया। पुलिसकर्मियों ने लोगों से कहा कि बारिश के दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में अनावश्यक रूप से नदी के करीब जाने, पानी में उतरने या नदी किनारे जोखिम वाली जगहों पर भीड़ लगाने से बचें। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की अपील की गई। निगरानी के दौरान पुलिस टीम ने ड्रोन कैमरे की मदद से गांवों और यमुना नदी के बीच की दूरी तथा आसपास के क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। ड्रोन से नदी किनारे के इलाकों की निगरानी कर संभावित जलभराव वाले स्थानों को भी देखा गया। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि बारिश और यमुना के जलस्तर को देखते हुए पुलिस लगातार संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रख रही है। ग्रामीणों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना देने के लिए कहा गया है। प्रशासन की ओर से भी नदी किनारे बसे गांवों में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। तस्वीरें देखिए…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *