![]()
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के सामने स्थित प्राचीन सनकादिक आश्रम में जल्द ही योगीराज देवराहा बाबा की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस आश्रम का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व अत्यंत विशेष माना जाता है। बताया जाता है कि मोहल्ला रामकोट स्थित इस आश्रम में योगीराज देवराहा बाबा ने तपस्या की थी। सनकादिक आश्रम के वर्तमान महंत डॉ. संतोष दास योगी ने बताया कि आश्रम परिसर में योगीराज देवराहा बाबा की प्रतिमा स्थापित करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बाबा की तपोस्थली के रूप में पहचाने जाने वाले इस स्थान पर उनकी प्रतिमा स्थापित होने से श्रद्धालुओं और संत समाज में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं, अमावा मंदिर के प्रबंधक पंकज कुमार ने बताया कि योगीराज देवराहा बाबा की प्रतिमा के निर्माण के लिए राजस्थान के जयपुर के अनुभवी कारीगरों से संपर्क किया गया है। प्रतिमा निर्माण को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं और जल्द ही कारीगरों द्वारा मूर्ति निर्माण का कार्य शुरू किए जाने की उम्मीद है। सनकादिक आश्रम का अयोध्या के धार्मिक और सामाजिक इतिहास में भी विशेष स्थान रहा है। आश्रम से जुड़े संतों ने समय-समय पर रामनगरी की धार्मिक परंपराओं और राम मंदिर आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बताया जाता है कि इस आश्रम के पूर्व महंत कन्हैया दास रामायणी का श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से गहरा संबंध रहा है। वे अयोध्या संत समिति के अध्यक्ष भी रह चुके थे। राम मंदिर आंदोलन के दौरान संत समाज को संगठित करने और धार्मिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। अब श्रीराम मंदिर के भव्य निर्माण के बाद रामनगरी में धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत से जुड़े स्थलों के संरक्षण और विकास की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में सनकादिक आश्रम में योगीराज देवराहा बाबा की प्रतिमा की स्थापना को भी श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक पहल माना जा रहा है। प्रतिमा स्थापित होने के बाद राम मंदिर आने वाले श्रद्धालु सनकादिक आश्रम पहुंचकर योगीराज देवराहा बाबा की तपोस्थली और उनके आध्यात्मिक जीवन से जुड़े इस स्थान के दर्शन कर सकेंगे। संत समाज का मानना है कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को बाबा के तप, त्याग और आध्यात्मिक संदेशों से परिचित कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Source link
राममंदिर के सामने लगेगी योगीराज देवराहा बाबा की मूर्ति:अयोध्या के सनकादिक आश्रम से बाबा का गहरा नाता,जयपुर के कारीगरों से संपर्क किया गया