![]()
हरदोई में एक सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा की मौत हो गई, जबकि साला गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना पिहानी कोतवाली क्षेत्र के मंसूरनगर तिराहे के पास हुई, जब उनकी बाइक सड़क पर फैले कीचड़ के कारण फिसल गई। हादसा शुक्रवार रात करीब 10:30 के आसपास हुआ। शनिवार की दोपहर 2 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक की पहचान 28 वर्षीय सरोज कुमार पुत्र राधेलाल के रूप में हुई है, जो पिहानी कोतवाली क्षेत्र के रैंगाई गांव का निवासी था। सरोज नोएडा में शटरिंग का काम करता था और गुरुवार को ही अपने घर लौटा था। शुक्रवार रात वह अपने रिश्ते के साले मुन्ना के साथ बाइक से अपनी ससुराल बहलोली (कोतवाली शहर) जा रहा था। मंसूरनगर तिराहे के पास सड़क पर कीचड़ होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में सरोज के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। घायल मुन्ना ने हिम्मत कर सरोज के परिजनों को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी पिहानी ले गए। डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद सरोज को बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मुन्ना का इलाज अस्पताल में जारी है। मृतक सरोज अपने पीछे पत्नी रीना और दो मासूम बेटों को छोड़ गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
हरदोई में बाइक फिसलने से हादसा:ससुराल जा रहे जीजा की मौत, साला घायल