फतेहपुर में युवती की हत्या की पुष्टि, दो गिरफ्तार:डीएनए रिपोर्ट से खुला राज, आठ माह बाद भाई-साथी को जेल


फतेहपुर में युवती की हत्या की पुष्टि डीएनए रिपोर्ट से हुई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शादी का दबाव बनाने पर प्रेमी ने युवती की हत्या कर दी थी। यह खुलासा करीब आठ माह बाद हुआ है। किशनपुर थाना क्षेत्र के मर्दन टोला वार्ड निवासी कल्पना सोनकर का अपने पड़ोसी संदीप सोनकर से प्रेम प्रसंग था। संदीप पहले से शादीशुदा था और कल्पना उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। पिछले साल नवंबर में कल्पना एक निमंत्रण में शामिल होने के बाद लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने संदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार की। इसके बाद संदीप को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस की आगे की जांच में शव ठिकाने लगाने वाली जगह का पता चला। प्रतापगढ़ जिले के मानिकपुर में गंगा किनारे जंगल में शव फेंके जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने तलाश की तो कुछ हड्डियां और बाल मिले। इन अवशेषों को सुरक्षित कर कल्पना के माता-पिता के डीएनए नमूने विधि विज्ञान प्रयोगशाला, फाफामऊ प्रयागराज भेजे गए। डीएनए मिलान से पुष्टि हुई कि अवशेष कल्पना के ही थे और उसकी हत्या की गई थी। डीएनए रिपोर्ट के बाद पुलिस ने संदीप के भाई वीरू सोनकर और पड़ोसी पिकअप मालिक रंजीत सोनकर उर्फ लट्टू को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी ने रविवार को सुबह बताया कि संदीप ने कल्पना को गांव के बाहर बुलाया था और रंजीत की पिकअप में गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी। इसके बाद संदीप, वीरू और अन्य साथियों ने मिलकर शव को ठिकाने लगाया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शनिवार शाम गिरफ्तार किया गया था।जिनको जेल भेजने की कार्यवाही किया गया है, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *