![]()
मऊ। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों के क्रम में बुधवार देर शाम को नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में जनपदस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के नगर विकास, ऊर्जा एवं अन्य विभागों के मंत्री ए.के. शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान गोद भराई और अन्नप्राशन की रस्में कराई गईं। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं कोविड-19 के दौरान माता या पिता की मृत्यु से प्रभावित बच्चों को शिक्षा में सहयोग देने के उद्देश्य से मंत्री द्वारा लैपटॉप भी वितरित किए गए। मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे और प्रत्येक गर्भवती एवं धात्री महिला को उचित पोषण और स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। स्वस्थ बच्चे ही आगे चलकर स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण करते हैं। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के माध्यम से छह वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के पोषण, स्वास्थ्य एवं विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को रेसिपी आधारित टेक होम राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। जुलाई, अगस्त और सितंबर 2026 में करीब 1,98,325 लाभार्थियों को टेक होम राशन दिया गया। वहीं तीन से छह वर्ष की आयु के करीब 78,363 बच्चों को प्रतिमाह गर्म पका-पकाया भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि बच्चों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक बनाया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में 129 तथा वर्ष 2024-25 में 50 नए आंगनबाड़ी केंद्र भवनों को स्वीकृति मिली है। इसके अलावा 173 आंगनबाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन केंद्रों पर आरओ, एलईडी टीवी और पोषण वाटिका जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
Source link
मंत्री ए.के. शर्मा ने बांटे लैपटॉप, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मान:राष्ट्रीय पोषण माह के समापन पर गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी हुआ