रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि:बोले – पासवान ने सामाजिक चेतना और अंबेडकर के सपनों के लिए जीवन समर्पित किया


पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर गुरुवार को लखनऊ में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। दयाल बाग-एन इको रिसॉर्ट, आईटी होटल, सुशांत गोल्फ सिटी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्व. रामविलास पासवान को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 50 वर्ष पहले भारतीय राजनीति में एक युवा नेता के रूप में रामविलास पासवान का उदय हुआ था। उन्होंने उस दौर में दलितों और वंचितों की आवाज को प्रमुखता से उठाया। बिहार की जनता ने उन्हें सम्मान देते हुए भारी मतों से संसद पहुंचाया। सीएम ने कहा कि पासवान ने अपने राजनीतिक जीवन के जरिए सामाजिक चेतना को जागरूक करने और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों के भारत के निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित किया। संसद में साथ काम करने का किया जिक्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्हें संसद में रामविलास पासवान के साथ लंबे समय तक काम करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि पासवान के मन में भारत की परंपरा और संस्कृति के प्रति श्रद्धा और सम्मान था। उनकी राजनीतिक यात्रा में सामाजिक सरोकार और वंचित वर्गों की आवाज प्रमुख रूप से दिखाई देती थी। चिराग पासवान को लेकर कही ये बात सीएम योगी ने कहा कि रामविलास पासवान की भौतिक अनुपस्थिति आज भी महसूस होती है और उनकी स्मृतियां लोगों के बीच बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस बात से संतोष होता है कि उनके पुत्र चिराग पासवान उनके मिशन को आगे बढ़ाने में लगे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि चिराग पासवान केंद्रीय मंत्री के रूप में लगातार अलग-अलग मंचों पर अपनी आवाज को मजबूती से रखने का काम कर रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *