अयोध्या अस्पताल में डेढ़ साल बाद लौटीं महिला डॉक्टर:8 दिन बाद फिर गायब, शासन कर रहा विभागीय जांच


अयोध्या के कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में महिला चिकित्सकों की अनुपस्थिति के कारण महिला मरीजों को समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। अस्पताल में तीन महिला चिकित्सकों की तैनाती है, लेकिन इनमें से केवल एक ही नियमित रूप से उपस्थित रहती हैं, जबकि दो लंबे समय से अनुपस्थित चल रही हैं। अस्पताल में तैनात महिला चिकित्सक डॉ. आशा आर्य डेढ़ वर्ष तक अनुपस्थित रहने के बाद 1 अगस्त 2026 को पुनः कार्यभार ग्रहण किया था। उन्होंने लगभग सात-आठ दिनों तक ओपीडी में मरीजों को देखा, जिसके बाद वह फिर से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित हो गईं। तीसरी महिला चिकित्सक डॉ. सोनम सिंह भी लंबे समय से अनुपस्थित चल रही हैं। वर्तमान में केवल डॉ. शीला वर्मा ही ओपीडी में सेवाएं दे रही थीं, जिन्हें अब लेबर रूम से सीएमएस ने संबद्ध कर दिया गया है। महिला चिकित्सकों की कमी के कारण प्रतिदिन लगभग 150 महिला मरीज, जिनमें अयोध्या के साथ-साथ अमेठी और सुल्तानपुर से आने वाली गर्भवती महिलाएं और अन्य मरीज शामिल हैं, उपचार के लिए परेशान हो रही हैं। अस्पताल के सीएमएस डॉ. रवि पांडे ने बताया कि डॉ. आशा आर्य के डेढ़ वर्ष की अनुपस्थिति के बाद पुनः कार्यभार ग्रहण करने और फिर से अनुपस्थित होने के संबंध में शासन को डीओ भेजा जा चुका है। उनके विरुद्ध शासकीय जांच भी चल रही है। डॉ. रवि पांडे ने यह भी बताया कि डॉ. सोनम सिंह भी अनुपस्थित हैं और दोनों के विरुद्ध पुनः कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *