कानपुर के थाने में मिला पुलिसकर्मी का शव:3-4 दिन पुराना होने की आशंका, आवास से दुर्गंध आने पर हुआ खुलासा


कानपुर नगर के शिवराजपुर थाना परिसर में शनिवार शाम एक पुलिसकर्मी (फॉलोअर) का शव उसके कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। शव से तेज दुर्गंध आने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही थाना परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस लाइन में तैनाती के बावजूद थाने में रह रहा था
मृतक की पहचान औरैया जनपद के अयाना थाना क्षेत्र के कुंवर देवपुर गांव निवासी 35 वर्षीय अजीत पुत्र स्वर्गीय मोतीलाल के रूप में हुई है। वर्ष 2017 में पुलिस विभाग में भर्ती होने के बाद उसकी तैनाती शिवराजपुर थाने में फॉलोअर (मेस में कार्य करने वाला पुलिसकर्मी) के रूप में हुई थी। कुछ समय बाद उसका स्थानांतरण पुलिस लाइन कर दिया गया, लेकिन वह शिवराजपुर थाना परिसर स्थित आवासीय कमरे में ही रह रहा था। खिड़की से देखा तो बिस्तर पर पड़ा था शव
शनिवार शाम कमरे से दुर्गंध आने पर पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ। खिड़की से झांक कर देखा गया तो अजीत का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल थाना प्रभारी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा खुलवाकर जांच शुरू कराई। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। आत्महत्या की चर्चा, लेकिन पुष्टि नहीं
प्रथम दृष्टया शव तीन से चार दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। थाना परिसर में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं और कुछ लोगों ने आत्महत्या की आशंका भी जताई, हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव बिस्तर पर पड़ा मिला था और मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *