![]()
कानपुर की बदहाल सड़कों, जलभराव और सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय बुधवार को निरीक्षण पर निकले। उन्होंने वार्ड-57 और 33 समेत कई क्षेत्रों का दौरा कर विकास कार्यों की हकीकत देखी। हैलट अस्पताल, जेके मंदिर, लाजपत नगर, मरियमपुर चौराहा, चैन फैक्टरी चौराहा, सिंधी कॉलोनी चौराहा, विजय नगर और अर्मापुर में निरीक्षण के दौरान कई जगह सड़कें टूटी मिलीं, तो कहीं नाले और सफाई की समस्या सामने आई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समयसीमा तय कर काम शुरू कराने के निर्देश दिए। बदहाल सड़कों का हाल देखने उतरे नगर आयुक्त विजय नगर से डबल पुलिया तक सड़क गड्ढों से भरी मिली। जोनल अभियंता ने बताया कि सड़क पीडब्ल्यूडी के स्वामित्व में है। इस पर नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता को विजय नगर से नमक फैक्टरी चौराहे तक सड़क निर्माण का काम शुरू कराने के निर्देश दिए। वहीं, वार्ड-33 के विजय नगर में जलनिकासी के लिए महत्वपूर्ण नाला टूटा मिला। नगर आयुक्त ने 15 दिन के अंदर निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा। सब्जी मंडी की सर्विस लेन पर कूड़े का ढेर विजय नगर सब्जी मंडी चौराहे की सर्विस लेन पर भारी मात्रा में कूड़ा जमा मिला। जोनल स्वच्छता अधिकारी ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए 20 अतिरिक्त सफाई कर्मियों की मांग की। नगर आयुक्त ने इसकी पत्रावली देने को कहा। जबकि विजय नगर में प्लॉट नंबर-10 के सामने फुटपाथ पर अतिक्रमण मिला। पार्षद घनश्याम गुप्ता ने बताया कि यहां रहने वाले लोगों को डूडा की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास आवंटित किए गए हैं। नगर आयुक्त ने अभियान चलाकर फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने को कहा। अंबेडकर नगर सामुदायिक केंद्र की स्थिति भी खराब मिली। इस पर नगर आयुक्त ने जोनल अभियंता आरके सिंह को जीर्णोद्धार की कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। पनकी में सड़क चौड़ीकरण की बाधा दूर करने के निर्देश वार्ड-57 के स्वराज नगर पनकी में सड़क चौड़ीकरण की समस्या पार्षद आरती त्रिपाठी ने रखी। उन्होंने पनकी एमआईजी तिराहे से पनकी बाजार मुख्य मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण की मांग रखी। केस्को के बिजली के पोल और हाईटेंशन लाइन इस काम में बाधा बन रहे हैं। नगर आयुक्त ने केस्को से समन्वय कर शिफ्टिंग में आने वाले खर्च का आकलन और कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पनकी में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) से सर्वेक्षण कराने को कहा। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण में सामने आई समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को बदहाल सड़कों, जलभराव और गंदगी से राहत मिल सके।
Source link
बदहाल सड़कों का हाल जानने उतरे नगर आयुक्त:कहीं गड्ढे मिले तो कहीं कूड़े का ढेर,15 दिन में नाला निर्माण शुरू करने का अल्टीमेटम