![]()
हरदोई में मंगलवार देर रात करीब 10 बजे एसपी अशोक कुमार मीणा ने देहात कोतवाली क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं को लेकर बड़ी कार्रवाई की। 6 घरों में चोरी के मामले में देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ को लाइन हाजिर कर दिया गया। एसपी ने यह कार्रवाई थाना क्षेत्र में गश्त नहीं होने और काम में लापरवाही के आरोप में की है। दो दिन पहले 6 घरों में हुई थी चोरी देहात कोतवाली क्षेत्र के न्यू पोहकर पुरवा में 2 दिन पहले चोरों ने एक साथ 6 घरों को निशाना बनाया था। चोर घरों में सो रहे परिवारों को भनक तक नहीं लगने देते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और कैश ले गए थे। सुबह परिवार के सदस्यों की नींद खुलने पर घरों में सामान बिखरा मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई। पहले 2 सिपाही हो चुके हैं निलंबित मामले में एसपी ने देहात कोतवाली में तैनात आरक्षी अभिन्न और आरक्षी सत्येंद्र को पहले ही निलंबित कर दिया था। दोनों पर कर्तव्य में लापरवाही के अलावा अनैतिक लाभ के उद्देश्य से लोगों को अनावश्यक रूप से थाने पर बैठाने के गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। इन घरों को बनाया था निशाना न्यू पोहकर पुरवा में चोरों ने हिमांशु बाजपेई, संजय पाल, सुनील कुमार, संग्राम पाल और परशुराम समेत छह परिवारों के घरों को निशाना बनाया था। घटना के बाद पुलिस ने चोरी का खुलासा करने के लिए जांच शुरू की है। लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई एसपी अशोक कुमार मीणा ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि गश्त, सुरक्षा व्यवस्था या ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही और शिथिलता सामने आने पर पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Source link
6 घरों में चोरी के बाद इंस्पेक्टर लाइन हाजिर:2 सिपाही भी हो चुके सस्पेंड, गश्त में लापरवाही पर एसपी की कार्रवाई