संतकबीर नगर में कांवड़िए की मौत:बाबा तामेश्वरनाथ धाम से लौटते समय ट्रेलर ने टक्कर मारी, बेटा घायल


संत कबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात एक सड़क हादसे में कांवर यात्रा से लौट रहे एक पिता की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनका 16 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना कृष्णा मैरिज हॉल के पास हुई। मृतक की पहचान मोहद्दीनपुर निवासी महेंद्र शर्मा पुत्र ध्रुवनारायण शर्मा के रूप में हुई है। महेंद्र शर्मा सरयू नदी से जल भरकर बाबा तामेश्वरनाथ धाम में जलाभिषेक करने के बाद अपने बेटे अमित शर्मा के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान कृष्णा मैरिज हॉल के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महेंद्र शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अमित शर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से गोरखपुर रेफर किया गया है। महेंद्र शर्मा मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में चार बेटियां और दो बेटे हैं। बड़े बेटे अमित शर्मा (16) के घायल होने और छोटे बेटे (3-4 वर्ष) की कम उम्र को देखते हुए परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के पिता भी पैरालिसिस से पीड़ित बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही मोहद्दीनपुर गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे की जांच के साथ-साथ दुर्घटना में शामिल ट्रेलर की तलाश कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *