![]()
संतकबीरनगर के धनघटा थाना क्षेत्र के परसहर (डिहवा बाजार) गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत नौ ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि ससुरालियों ने मायके वालों के पहुंचने से पहले ही रात में विवाहिता के शव का आनन-फानन में अंतिम संस्कार कर दिया था। मायके वालों ने बेटी की हत्या और साक्ष्य मिटाने के लिए शव जलाने का आरोप लगाया है। बस्ती जिले के कोतवाली क्षेत्र के पुराना डाकखाना मोहल्ला निवासी रीता राजभर ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी करिश्मा की शादी 7 फरवरी 2024 को धनघटा थाना क्षेत्र के परसहर (डिहवा बाजार) निवासी पवन राजभर पुत्र राम आसरे के साथ हुई थी। करिश्मा 8 फरवरी को ससुराल गई थी। शादी में मायके पक्ष ने अपनी क्षमतानुसार बाइक, 15 हजार रुपये नकद, जेवर, बर्तन, फर्नीचर सहित अन्य सामान दिया था। ससुराल वाले करते थे परेशान रीता का आरोप है कि शादी के लगभग एक माह बाद से ही करिश्मा को कम दहेज लाने का ताना देकर प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि पति पवन राजभर, सास, ससुर राम आसरे, ननद नीमा, देवर करन, जेठानी काजल, एक अन्य अज्ञात जेठानी और जेठ सहित ससुराल के अन्य लोग करिश्मा के साथ गाली-गलौज करते थे और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान करते थे। करिश्मा ने कई बार मायके पहुंचकर परिजनों को ससुराल में हो रही प्रताड़ना के बारे में बताया था। फोन पर मिली सुसाइड की खबर रीता के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को दोपहर करीब तीन बजे करिश्मा ने फोन पर बताया कि ससुराल के लोग उसे मानसिक और शारीरिक रूप से बहुत परेशान कर रहे हैं और उसे अपनी जान का खतरा है। करिश्मा ने अपनी सास से भी इस संबंध में बात कराई। आरोप है कि सास ने कहा कि पवन ने शादी की है, उनसे कोई मतलब नहीं है। इसके बाद फोन काट दिया गया। इसी दिन शाम करीब छह से सात बजे के बीच करिश्मा के पति पवन राजभर का मायके में फोन आया। उसने परिजनों को बताया कि करिश्मा ने फांसी लगाकर जान दे दी है। इसके बाद उसने फोन काट दिया। परिजनों ने ससुराल में दोबारा फोन किया तो करिश्मा की ननद नीमा ने बताया कि भाभी घर से बाहर जा रही थीं और उन्हें हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। ससुराल वालों ने शव का अंतिम संस्कार किया बेटी की मौत की सूचना मिलने पर मायके वालों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी और रात करीब 10 बजे करिश्मा के ससुराल पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि ससुरालियों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
मायके वालों का आरोप है कि ससुरालियों ने सुनियोजित साजिश के तहत करिश्मा की हत्या की और साक्ष्य मिटाने की नीयत से पुलिस तथा मायके पक्ष के पहुंचने से पहले ही शव को जला दिया। उनका कहना है कि दहेज के लालच में बेटी की हत्या की गई है। पति समेत नौ ससुरालियों पर मुकदमा धनघटा थानाध्यक्ष दिलीप सिंह ने बताया कि विवाहिता की मौत के मामले में पति पवन राजभर, ससुर राम आसरे, सास, ननद नीमा, देवर करन, जेठानी काजल समेत कुल नौ ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
संतकबीरनगर में दहेज हत्या, पति समेत 9 पर FIR:मायके वाले बोले- बेटी का फोन आया था, बहुत परेशान थी