![]()
जाजमऊ में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग ने गंगापुल से गंगा में छलांग लगा दी। करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग को तेज धारा में बहता देख नाविकों ने अपनी जान जोखिम में डाल दी। नाव लेकर नदी में उतरे और काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाल लिया। गंभीर हालत में बुजुर्ग को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है। रेलिंग के ऊपर से अचानक नदी में कूदा घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुजुर्ग गंगापुल के बीच पहुंचा। इसके बाद अचानक रेलिंग के ऊपर से गंगा में छलांग लगा दी। पुल के नीचे मौजूद नाविकों ने उसे नदी में गिरते देखा। नाविक छोटेलाल, ललुआ और पप्पू तत्काल नाव लेकर उसकी ओर बढ़े। गंगा की तेज धारा के बीच काफी मशक्कत के बाद उन्होंने बुजुर्ग को पानी से बाहर निकाला। हाथ में लगी थी विगो, बीमारी से परेशान होने की आशंका सूचना पर जाजमऊ पुलिस भी मौके पर पहुंची। बुजुर्ग की हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल कांशीराम अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। नाविकों के मुताबिक, बुजुर्ग के हाथ में इलाज के लिए विगो लगी हुई थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि वह किसी बीमारी से परेशान था और संभवत: किसी अस्पताल से आने के बाद उसने यह कदम उठाया। हालांकि, छलांग लगाने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पहचान कराने में जुटी पुलिस पुलिस बुजुर्ग की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि गंगापुल से बुजुर्ग के गंगा में छलांग लगाने की सूचना मिली थी। नाविकों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अस्पताल में उसका इलाज कराया जा रहा है। होश में आने और पहचान होने के बाद ही घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Source link
कानपुर में गंगापुल से बुजुर्ग ने गंगा में लगाई छलांग:तेज धारा में बहते देखा तो नाविकों ने जान जोखिम में डाल बचाया, अस्पताल में भर्ती