![]()
बुलंदशहर में गुरुवार रात प्रधानी चुनाव की रंजिश हिंसक झड़प में बदल गई। पूर्व प्रधान पक्ष और प्रधान पद प्रत्याशी के समर्थकों के बीच हुई कहासुनी के बाद दोनों ओर से 20 से अधिक राउंड फायरिंग हुई, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई खाली कारतूस बरामद किए। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। प्रधानी चुनाव की रंजिश ने लिया हिंसक रूप अगौता थाना क्षेत्र के गांव सेगा जगतपुर में गुरुवार देर रात प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश अचानक हिंसक संघर्ष में बदल गई। ग्रामीणों के अनुसार, गांव के पूर्व प्रधान और प्रधान पद की तैयारी कर रहे समर्थकों के बीच लंबे समय से राजनीतिक खींचतान चल रही है। इसी रंजिश के चलते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद फायरिंग तक पहुंच गया। प्रधान प्रत्याशी के घर पहुंचने के बाद बढ़ा विवाद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूर्व प्रधान पक्ष के कुछ लोग रात में प्रधान पद प्रत्याशी के घर पहुंच गए। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बिगड़ गया और दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। ग्रामीणों का कहना है कि फायरिंग इतनी अचानक शुरू हुई कि आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए घरों में छिप गए। 20 से अधिक राउंड फायरिंग दोनों पक्षों की ओर से 20 से अधिक राउंड फायरिंग होने से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। लगातार गोलियों की आवाज सुनकर लोग घरों के दरवाजे बंद कर अंदर दुबक गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस गोलीबारी में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली। ग्रामीणों का कहना है कि एक पक्ष के लोग फायरिंग करते हुए करीब एक किलोमीटर तक गांव में घूमते रहे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम गांव पहुंची। घटनास्थल से मिले कई खाली कारतूस पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से कई खाली कारतूस बरामद किए। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। गांव में किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आई कहासुनी की वजह अगौता थाना प्रभारी संजेश कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद आरोप है कि एक पक्ष अपने साथियों के साथ दूसरे पक्ष के घर पहुंचा और वहां हवाई फायरिंग की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज जाकारी के अनुसार पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटा रही है। घटना के बाद सेगा जगतपुर गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लगातार गांव में गश्त कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बुलंदशहर में 20 से अधिक राउंड फायरिंग:प्रधानी की रंजिश में पूर्व प्रधान और प्रधान पद प्रत्याशी के समर्थकों के बीच चली गोलियां