![]()
फर्रुखाबाद में बुधवार को राजेपुर ब्लॉक के सबलपुर गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बाढ़ के पानी में डूब जाने के बाद अस्पताल पेड़ के नीचे संचालित होता मिला। तीन दिन पहले स्वास्थ्य केंद्र में करीब डेढ़ फीट पानी भरने के बाद दवाएं और जरूरी सामान बैलगाड़ी से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया था। फिलहाल यहां प्रतिदिन 70 से 80 मरीजों का उपचार किया जा रहा है। जनपद के 33 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। सबलपुर गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को करीब डेढ़ फीट पानी भर गया था। इसके बाद स्वास्थ्य केंद्र को खाली कराना पड़ा। बैलगाड़ी के जरिए दवाएं और अन्य जरूरी सामान गांव के बाहर मुख्य सड़क पर स्थित एक चक्की तक पहुंचाया गया। पेड़ के नीचे चल रही ओपीडी स्वास्थ्य केंद्र बंद होने के बाद चक्की के बाहर एक पेड़ के नीचे अस्थायी ओपीडी शुरू की गई। बुधवार को यहां फार्मासिस्ट मरीजों का इलाज करते मिले। दैनिक भास्कर न्यूज ऐप की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। डॉक्टर अवकाश पर, फार्मासिस्ट संभाल रहे व्यवस्था फार्मासिस्ट ने बताया कि चिकित्सक अवकाश पर हैं, जबकि एक अन्य स्वास्थ्य टीम को बाढ़ शरणालय में तैनात किया गया है। ऐसे में मरीजों की जांच और दवा वितरण की जिम्मेदारी फिलहाल फार्मासिस्ट संभाल रहे हैं। एलर्जी और फंगल संक्रमण के बढ़े मरीज फार्मासिस्ट के अनुसार, बाढ़ के कारण इन दिनों एलर्जी और फंगल संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि केंद्र पर आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और प्रतिदिन लगभग 70 से 80 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। दवाएं चक्की परिसर में सुरक्षित रखी गई हैं। हर साल बाढ़ की मार झेलते हैं ग्रामीण दवा लेने पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि गांव में हर साल बाढ़ की स्थिति बनती है। उनका कहना है कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग द्वारा इलाज की व्यवस्था जारी रखना राहत की बात है।
Source link
बाढ़ में डूबा पीएचसी, पेड़ के नीचे चल रहा अस्पताल:रोज 70-80 मरीजों की हो रही ओपीडी, स्वास्थ्य केंद्र में डेढ़ फीट पानी भरा