![]()
आगरा में राजा रामकुमार भार्गव स्मृति यूपी स्टेट जूनियर/सीनियर स्नूकर चैम्पियनशिप 21 से 27 सितंबर तक ताजनगरी में होगी। दो साल बाद यह प्रतियोगिता फिर से आगरा में होगी। फतेहाबाद रोड स्थित होटल मैपल रिज में होने वाली चैम्पियनशिप में प्रदेश के 17 जिलों के 90 से अधिक खिलाड़ी क्यू से जौहर दिखाएंगे। शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी नेशनल जूनियर व सीनियर चैम्पियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उत्तर प्रदेश बिलियर्ड्स-स्नूकर एसोसिएशन के तत्वाधान में आगरा बिलियर्ड्स-स्नूकर एसोसिएशन द्वारा कराई जा रही प्रतियोगिता के आमंत्रण पत्र का विमोचन रविवार को किया गया। यूपीबीएसए के महासचिव विवेक अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में 1.17 लाख रुपये की ईनामी राशि वितरित की जाएगी। 72 सीनियर और 16 जूनियर खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
चैम्पियनशिप में जूनियर वर्ग में 16 और सीनियर वर्ग में 72 खिलाड़ी खिताब जीतने के लिए उतरेंगे। इसमें आगरा के सात खिलाड़ी भी शामिल हैं। भारत के टॉप-10 स्नूकर खिलाड़ियों में शुमार आगरा के पारस गुप्ता भी मैदान में होंगे। मुकाबलों के लिए तीन टेबल लगाई गई हैं और मैचों का सीधा प्रसारण यूपीबीएसए के यूट्यूब चैनल पर होगा। प्रतियोगिता के संचालन के लिए प्रयागराज, झांसी और लखनऊ से पांच रेफरी आ रहे हैं। 21 को जूनियर, 22 से सीनियर के मैच
21 सितंबर को जूनियर वर्ग के मुकाबले शुरू होंगे, जबकि 22 सितंबर से सीनियर वर्ग के मैच शुरू होंगे। मुकाबले रोजाना सुबह 9.30 बजे से रात 9.30 बजे तक चलेंगे। जूनियर वर्ग का फाइनल और पुरस्कार वितरण 23 सितंबर को होगा, जबकि सीनियर वर्ग का फाइनल और पुरस्कार वितरण 27 सितंबर को होगा। दर्शकों के लिए एंट्री नि:शुल्क रखी गई है। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी व निर्यातक पूरन डावर होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में दिल्ली बिलियर्ड्स-स्नूकर एसोसिएशन के संयुक्त सचिव मनमीत भाटिया व एसबीए चेयरपर्सन मनीषा शर्मा मौजूद रहेंगी। समापन समारोह में यूपीबीएसए के अध्यक्ष कुश भार्गव मुख्य अतिथि होंगे। आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में विवेक अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, ऋषभ जैन और देवांक अग्रवाल मौजूद रहे।
Source link
ताजनगरी में दो साल बाद होगी स्टेट स्नूकर चैम्पियनशिप:17 जिलों के 90 से अधिक खिलाड़ी होंगे शामिल, 21 से होंगे मुकाबले शुरू