मऊ में निपुण भारत मिशन के तहत एफएलएन प्रशिक्षण संपन्न:NCERT की नई पुस्तकों, 10-पॉइंट टूलकिट पर दिया गया प्रशिक्षण


मऊ में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित पांच दिवसीय एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) ब्लॉक स्तरीय संदर्भदाता प्रशिक्षण बुधवार को संपन्न हो गया। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित यह प्रशिक्षण डायट प्राचार्य एवं उप शिक्षा निदेशक अतुल कुमार तिवारी तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को सुदृढ़ करना था। प्रतिभागियों को 10-पॉइंट टूलकिट, कैच-अप शिक्षण पद्धति, बालवाटिका से कक्षा 5 तक के नवीन निपुण लक्ष्य तथा विद्यालयों में पठन संस्कृति विकसित करने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान एनसीईआरटी की नई पाठ्यपुस्तकों—हिंदी की ‘वीणा’, गणित की ‘गणित मेला’ और अंग्रेजी की ‘संतूर’—के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही संशोधित शिक्षक संदर्शिकाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
समापन अवसर पर डायट प्राचार्य अतुल कुमार तिवारी ने कहा कि यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को लागू करने और जनपद के सभी प्राथमिक विद्यालयों को ‘निपुण’ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने ब्लॉक स्तरीय संदर्भदाताओं से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को विद्यालय स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में राज्य स्तर पर प्रशिक्षित संदर्भदाता एसआरजी अरविंद पांडेय, प्रवक्ता अरविंद यादव, प्रवक्ता अजीत धूसिया तथा एसआरजी संजय तिवारी ने समूह चर्चा, प्रस्तुतिकरण और पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. संदीप कुमार राय ने समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
कार्यक्रम में सहयोगी संस्था प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के प्रतिनिधि अमित श्रीवास्तव और शिवम पटेल सहित डायट के सभी प्रवक्ता, विभिन्न विकासखंडों के एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) और की रिसोर्स पर्सन (केआरपी) उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *