![]()
पीलीभीत के राजकीय मेडिकल कॉलेज में बुधवार सुबह इंटरनेट सेवा और सर्वर अचानक ठप हो गया। इसके चलते ओपीडी में पर्चे बनने का काम पूरी तरह रुक गया, जिससे दूर-दराज से इलाज कराने आए मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह घटना मेडिकल कॉलेज की 200 बेड वाली नई ओपीडी में बुधवार सुबह करीब 9:00 बजे हुई। इंटरनेट सेवा बाधित होने से ओपीडी पंजीकरण का सर्वर डाउन हो गया। काउंटर पर बैठे कर्मचारी सिस्टम चालू होने का इंतजार करते रहे, जबकि बाहर मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। ओपीडी परिसर में देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई। बुजुर्गों, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों को घंटों कतार में खड़े रहने के बावजूद पर्चे नहीं मिल पाए।
अव्यवस्था की जानकारी मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. एस.पी. सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने ओपीडी काउंटरों का निरीक्षण किया और मरीजों की स्थिति का जायजा लिया। सीएमएस ने संबंधित तकनीकी टीम को सर्वर और इंटरनेट की खराबी जल्द से जल्द दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमएस ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण इंटरनेट और सर्वर बाधित हुआ है। मरीजों को राहत देने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत मैनुअल तरीके से पर्चे बनाने के निर्देश जारी किए गए हैं। खबर लिखे जाने तक सिस्टम को ठीक करने का काम जारी था।
Source link
पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में इंटरनेट ठप:सर्वर डाउन होने के बाद ओपीडी पर्चे न बनने से मरीज परेशान, CMS निरीक्षण को पहुंचे