![]()
कानपुर देहात में सिकंदरा थाना क्षेत्र में मासूम हत्याकांड की जांच से लौट रहे एएसपी आलोक प्रसाद की सरकारी कार औडेरी बंबा पुलिया पर अनियंत्रित होकर बंबा में जा गिरी। कार में पानी भरने से एएसपी समेत तीन लोग कुछ देर तक फंसे रहे, जिन्हें पीछे आ रहे पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। यह घटना सोमवार रात करीब नौ बजे की है। एएसपी आलोक प्रसाद सिकंदरा थाना क्षेत्र के एक गांव में मासूम से दुष्कर्म और हत्या के मामले की जांच कर लौट रहे थे। रसधान-देवीपुर मार्ग पर स्थित औडेरी बंबा पुलिया पर तेज बारिश के कारण उनकी कार अनियंत्रित होकर सीधे बंबा में जा गिरी। हादसे के बाद कार में तेजी से पानी भरने लगा और उसके दरवाजे लॉक हो गए, जिससे एएसपी, उनके चालक और एक हेड कांस्टेबल कार के अंदर फंस गए। विपरीत परिस्थितियों में एएसपी आलोक प्रसाद ने सूझबूझ दिखाते हुए कार का पिछला दरवाजा खोला। इसके बाद तीनों किसी तरह बाहर निकलकर कार की छत पर पहुंच गए और मदद का इंतजार करने लगे। इसी दौरान, पीछे से आ रहे सिकंदरा थानाध्यक्ष सुधाकर सिंह और उनकी पुलिस टीम ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने सीढ़ी की व्यवस्था कर एएसपी, चालक और हेड कांस्टेबल को सुरक्षित बाहर निकाला। इस हादसे में एएसपी और उनके चालक को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन सभी सुरक्षित हैं। पुलिस के अनुसार, औडेरी बंबा पुलिया पर एल-शेप का तीव्र मोड़ है। हालांकि, वहां सुरक्षा बाउंड्री और चेतावनी संकेतक नहीं लगे हैं। तेज बारिश के कारण चालक को मोड़ स्पष्ट दिखाई नहीं दिया, जिससे कार अनियंत्रित होकर बंबा में गिर गई। इस घटना के बाद पुलिया पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
Source link
कानपुर देहात में ASP की कार बंबा में गिरी:कार में पानी भरने से एक घंटे फंसे रहे, सीढ़ी लगाकर निकाला, मासूम हत्याकांड की जांच कर लौट रहे थे