वाराणसी5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए हवाई यात्रा का अनुभव बदलने वाला है। अगर एयरपोर्ट पहुंचने पर आपको अक्सर यह सोचना पड़ता था कि आपकी फ्लाइट समय पर है या देर से, या बोर्डिंग के लिए किस गेट का इस्तेमाल करना है, तो अब आपको किसी से ये पूछने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। एयरपोर्ट प्रशासन ने अब इस समस्या का समाधान कर दिया है।
अब वाराणसी एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करते ही यात्रियों को हर एक महत्वपूर्ण स्थान पर आने और जाने वाले विमानों की सही, सटीक और रियल-टाइम जानकारी मिलेगी। इसके लिए कुल 52 नए फ्लाइट इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम (एफआईडीएस) लगाए गए हैं।

काउंटर पर पूछने का झंझट खत्म
अभी तक अक्सर देखा जाता था कि फ्लाइट के समय में बदलाव होने पर यात्री और परिजन बार-बार इंक्वायरी काउंटर पर पहुंच जाते थे। वहां पर काफी संख्या में लोगों के पहुंचने के चलते यात्रियों की भीड़ लग जाती थी। कभी-कभी वहां लंबी लाइन भी देखने को मिलती थी। अब इस झंझट से पूरी तरह मुक्ति मिल जाएगी।
अधिकारियों द्वारा बताया गया कि यात्रियों की इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया। अब वाराणसी एयरपोर्ट के मुख्य गेट, कैनोपी, पार्किंग एरिया, चेक-इन काउंटर, अराइवल-डिपार्चर हॉल और सिक्योरिटी होल्ड एरिया में लगी ये नई HD स्क्रीन्स हर सेकंड डेटा अपडेट करती हैं। ऐसे में स्क्रीन पर दिखाई देने वाला समय ही सबसे सटीक होगा।
अब एयरपोर्ट पर शोर भी होगा कम
वेटिंग लाउंज या कैफेटेरिया में बैठने के दौरान अब आपको बार-बार लाउडस्पीकर की अनाउंसमेंट पर कान लगाने की जरूरत नहीं रहेगी। क्योंकि वहां भी आपके ठीक सामने लगे FIDS पर फ्लाइट का स्टेटस, लैंडिंग-टेकऑफ का समय और गेट नंबर डिस्प्ले होता रहेगा।
इस बारे में एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि एयरपोर्ट के इन्फ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक स्तर पर ले जाने के लिए पुरानी कम क्षमता वाली स्क्रीन्स को पूरी तरह हटा दिया गया है। नई स्क्रीन्स की विजिबिलिटी और डेटा प्रोसेसिंग क्षमता बेहद तेज है, जिससे दूर खड़े यात्री भी अपनी फ्लाइट का विवरण आसानी से देख सकते हैं।
