UPPSC PCS Mains Interview Schedule

प्रमोद यादव। प्रयागराज5 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने PCS-2025 की मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी करने के एक दिन बाद अब सफल उम्मीदवारों के इंटरव्यू का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा में सफल हुए 2,297 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू 28 सितंबर से 24 अक्टूबर 2026 तक होंगे। ये इंटरव्यू आयोग परिसर प्रयागराज स्थित सरस्वती भवन में दो सत्रों में किए जाएंगे।

PCS-2025 में कुल 814 पद हैं। इनमें से 812 पदों पर चयन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर होगा, जबकि दो पद ऐसे हैं जिन पर चयन केवल मुख्य लिखित परीक्षा से किया जाएगा। इन दो पदों का परिणाम अंतिम चयन परिणाम के साथ घोषित होगा।

आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने बताया कि सफल अभ्यर्थी 22 सितंबर 2026 से इंटरव्यू लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए आयोग की वेबसाइट पर दिए गए लिंक के जरिए OTR नंबर और पासवर्ड/OTP से प्रमाणीकरण करना होगा। इसके बाद एप्लीकेंट डैशबोर्ड में जाकर संबंधित परीक्षा के सामने ‘चेक लेटेस्ट स्टेटस’ के जरिए ऑनलाइन अधिमान्यता प्रपत्र और अन्य जरूरी जानकारी भरनी होगी।

आयोग ने साफ किया है कि ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र, प्रमाणीकरण प्रपत्र, देशना पत्रक, अंकतालिका विवरण और अधिमान्यता प्रपत्र डाउनलोड कर उनके प्रिंट निकालने होंगे। इन्हें तय प्रक्रिया के अनुसार तैयार करके इंटरव्यू के समय जमा करना होगा।

PCS-2025 की मुख्य लिखित परीक्षा 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक प्रयागराज और लखनऊ के अलग-अलग केंद्रों पर हुई थी। इसमें कुल 10,284 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। आयोग ने गुरुवार को परिणाम जारी करते हुए इनमें से 2,297 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया।

इस भर्ती में कुल 28 तरह के पद शामिल हैं। कुल 814 रिक्तियों में से 812 पदों पर लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर अंतिम चयन होना है। अब इन्हीं पदों की चयन प्रक्रिया इंटरव्यू के साथ आगे बढ़ेगी।

पदों की वरीयता ऑनलाइन भरनी होगी सफल अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक अर्हता और आवेदन के आधार पर उपलब्ध पदों की अधिमान्यता ऑनलाइन दर्ज करनी होगी। जिन पदों के लिए अभ्यर्थी पात्र होंगे, उनकी सूची ऑनलाइन प्रदर्शित की जाएगी। अभ्यर्थी को अपनी पसंद के क्रम में पदों की वरीयता भरकर उसे ऑनलाइन सबमिट करना होगा। इंटरव्यू के समय इसका प्रिंटआउट भी प्रस्तुत करना होगा।

पांच फोटो और मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे इंटरव्यू के समय अभ्यर्थियों को सभी शैक्षिक अंकतालिकाओं, उपाधियों और प्रमाण-पत्रों की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी। इनके अलावा शैक्षिक अभिलेखों और प्रमाण-पत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियों का एक सेट भी तैयार करना होगा। आयोग ने स्वप्रमाणित फोटो की दो प्रतियों और तीन आवक्ष सादी फोटो यानी कुल पांच फोटो साथ लाने के निर्देश दिए हैं। फार्म सेट के प्रत्येक पृष्ठ पर निर्धारित स्थान पर हस्ताक्षर करना भी जरूरी होगा।

आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में संबंधित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। सरकारी सेवा में कार्यरत अभ्यर्थियों को मूल अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) और EWS श्रेणी के अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार EWS प्रमाण-पत्र लाना होगा। जरूरी प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में इंटरव्यू में शामिल होने में समस्या हो सकती है।

दो पदों पर नहीं होगा इंटरव्यू PCS-2025 की कुल 814 रिक्तियों में दो पद ऐसे हैं, जिन पर चयन केवल मुख्य लिखित परीक्षा के आधार पर होना है। इसलिए इन पदों के लिए इंटरव्यू नहीं होगा। इनका परिणाम अंतिम चयन परिणाम के साथ जारी किया जाएगा।

इंटरव्यू के प्रथम सत्र के अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे और द्वितीय सत्र के अभ्यर्थियों को दोपहर 12:30 बजे आयोग परिसर स्थित सरस्वती भवन में पहुंचना होगा। इंटरव्यू कार्यक्रम जारी होने के साथ PCS-2025 भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चयन के चरण में पहुंच गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *