झांसी में युवक पर धारदार हथियार से हमला:मोहल्ले की महिला के साथ उसके मायके गया था, पीछे से पहुंचे पति ने किए वार


झांसी के बबीना थाना क्षेत्र में सोमवार शाम करीब 6 बजे एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पड़ोसी की पत्नी के मायके पहुंचने पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के नंदनपुरा निवासी मोहिनी गोस्वामी अपने ससुराल के पड़ोसी मनीष वर्मा के साथ किसी काम से बबीना थाना क्षेत्र स्थित अपने मायके गई थी। इसी दौरान उसका पति शिवम गोस्वामी भी वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि मौके पर शिवम और मनीष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि शिवम ने धारदार हथियार से मनीष पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मनीष के चेहरे, हाथ और पेट पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। पत्नी ने पुलिस को दी सूचना घटना के बाद मोहिनी गोस्वामी ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही बबीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मनीष को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रात तक नहीं पहुंचे परिजन, तहरीर का इंतजार बबीना थाना प्रभारी राहुल राठौर ने बताया कि घायल का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया है, लेकिन रात करीब 11 बजे तक परिवार का कोई सदस्य मेडिकल कॉलेज या थाने नहीं पहुंचा था। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *