![]()
फिरोजाबाद के टूंडला स्थित किशन होटल में सोमवार को आयोजित समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। सम्मेलन के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पीडीए की सरकार बनेगी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। श्यामलाल पाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए किसानों, नौजवानों, महिलाओं, छात्रों, मजदूरों तथा शोषित-वंचित वर्गों को एकजुट कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम के नाम पर चंदे की चोरी हो रही है। ऐसे लोगों को सत्ता से हटाने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में पीडीए सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा पर किसान और युवाओं की उपेक्षा का आरोप सपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार को किसान, छात्र, मजदूर और नौजवान विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार रोजगार उपलब्ध कराने के बजाय युवाओं को गुमराह कर सांप्रदायिक तनाव की ओर धकेलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा छात्रों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी। ‘कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ेंगे चुनाव’ श्यामलाल पाल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर लड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस गठबंधन का हिस्सा है और सभी सहयोगी दल मिलकर भाजपा को सत्ता से बाहर करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों की घोषणा जल्द की जाएगी। अखिलेश यादव चलाएंगे प्रदेशव्यापी अभियान उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले अखिलेश यादव पूरे प्रदेश में संविधान बचाने, किसानों, जवानों, नौजवानों, महिलाओं और शोषित-वंचित वर्गों को एकजुट करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा का भी उठाया मुद्दा श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा को क्षति पहुंचाने का भी आरोप लगाया। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव, राष्ट्रीय सचिव महाराज सिंह धनगर, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप यादव एडवोकेट सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
2027 में यूपी में पीडीए की सरकार बनेगी:फिरोजाबाद के पीडीए सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल बोले- अखिलेश यादव होंगे मुख्यमंत्री